डीजीजीआई ने यूपी में 185 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का भंडाफोड़ किया, पान मसाला फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डीजीजीआई ने यूपी में 185 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का भंडाफोड़ किया, पान मसाला फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) ने उत्तर प्रदेश में पान मसाला और तंबाकू के अवैध कारोबार पर बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। डीजीजीआई ने लगभग 185 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का भंडाफोड़ करके फैक्टरी के मालिक को गिरफ्तार किया है, जिसे जेल भेज दिया गया है।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक डीजीजीआई की लखनऊ क्षेत्रीय इकाई ने उत्तर प्रदेश के चित्रकूट और बांदा जिलों में छह परिसरों में फैले पान मसाला, सुगंधित जर्दा और गुटखा के अवैध उत्पादन से जुड़े हुए नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस तलाशी के दौरान 27 अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनों का पता चला, जिनमें सुगंधित जर्दा के लिए 6, पान मसाला के लिए 9 तथा दोहरा/देसी गुटखा के लिए 12 मशीनें भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान पान मसाला, चबाने वाला तंबाकू, सुगंधित जर्दा और सुगंधित सुपारी के तैयार माल के 15,50,922 पाउच जब्त किए गए।

मंत्रालय ने कहा कि जब्त किए गए कच्चे माल और पैक की गई सामग्री में 32.9 मीट्रिक टन सुपारी एवं कटी हुई सुपारी, 2.8 मीट्रिक टन तंबाकू, 8.4 मीट्रिक टन पैकिंग सामग्री, पाउच एवं लैमिनेट्स, 470 किलोग्राम कत्था पाउडर, 850 किलोग्राम ग्लिसरीन, 545 किलोग्राम एसेंस तथा 256 किलोग्राम बिना पैक किया हुआ पान मसाला शामिल है। अब तक लगभग 185 करोड़ रुपये की वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), एचएसएनएस उपकर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क की चोरी का पता चला है।

मंत्रालय ने कहा कि 1 फरवरी से देशभर में डीजीजीआई की विभिन्न इकाइयों ने उत्पादन छिपाने, गुप्त रूप से माल की निकासी और लागू कर/उपकर की चोरी से जुड़े 27 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में 668 करोड़ रुपये के शुल्क, कर और उपकर की चोरी का पता चला है। इस जांच के दौरान 11.7 करोड़ रुपये की राशि स्वेच्छा से जमा की गई है। इसके अलावा अब तक कुल 131 पाउच-पैकिंग मशीनें जब्त की गई हैं और 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story