डीएफएस का इंश्योरेंस डिवीजन शिकायतों के समाधान में दूसरे स्थान पर
- जीआरएआई के समूह ए श्रेणी में डीएफएस का बैंकिंग प्रभाग 6वें स्थान पर
नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स)। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग की 'शिकायत निवारण मूल्यांकन और सूचकांक' (जीआरएआई) रैंकिंग में वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के बीमा प्रभाग ने ग्रुप ए श्रेणी (जिसमें 500 या उससे अधिक शिकायतें दर्ज की गईं) में दूसरा स्थान हासिल किया है। बैंकिंग प्रभाग मई महीने में इसी कैटेगरी में छठे स्थान पर रहा।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के बीमा विभाग ने मई के लिए समूह ए श्रेणी की शिकायत निवारण मूल्यांकन और सूचकांक (जीआरएआई) में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जीआरएआई के समूह ए श्रेणी में डीएफएस का बैंकिंग प्रभाग 6वें स्थान पर है। मंत्रालय ने कहा कि डीएफएस (बैंकिंग और इंश्योरेंस डिवीजन) को हर साल 2.50 लाख से अधिक शिकायतें मिलती हैं।
मंत्रालय के अनुसार नवंबर, 2025 से ये विभाग शिकायत निवारण मूल्यांकन और सूचकांक (जीआरएआई) रैंकिंग में लगातार शीर्ष 10 मंत्रालयों/विभागों में शामिल रहा है। मई, 2026 के लिए प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा जारी जीआरएआई रैंकिंग में बीमा विभाग ने समूह ए श्रेणी (500 या उससे अधिक शिकायतें दर्ज करने वाले विभाग) में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि बैंकिंग विभाग इसी श्रेणी में छठे स्थान पर रहा है।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक 7 जनवरी, 2024 से वित्तीय सेवा विभाग के सचिव व्यक्तिगत रूप से 20 चयनित शिकायतों की समीक्षा कर रहे हैं, जिसमें शिकायतकर्ता संबंधित वित्तीय संस्थानों के अध्यक्षों, प्रबंध निदेशकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ प्रबंधन के साथ प्रत्यक्ष रूप से भाग ले रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों का विश्वास बढ़ाना और शिकायतों का सार्थक समाधान सुनिश्चित करना है।
डीएफएस ने आरबीआई, आईआरडीएआई, पीएफआरडीए और सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के साथ 'प्रभावी शिकायत निवारण ढांचा' विषय पर कार्यशालाएं आयोजित की हैं। विभाग ने बताया कि इन सेशन का फोकस शिकायतों की असल वजहों का पता लगाने और शिकायतों के समाधान की क्वालिटी को बेहतर बनाने पर था।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

