दीपा ज्वेलर्स लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से जुटाए 137.91 करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सोने एवं हीरे के आभूषणों का खुदरा और थोक व्यापार करने वाली दीपा ज्वेलर्स लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के खुलने से पहले एंकर निवेशकों से 137.91 करोड़ रुपये जुटाए हैं। ये आईपीओ एक सितंबर, 2026 को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा।
कंपनी ने सोमवार को स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि उसने एंकर निवेशकों को 177 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर कुल 77,91,789 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। एंकर निवेशकों में शामिल कुछ प्रमुख संस्थानों में नोमुरा सिंगापुर लिमिटेड, सिटी ग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस प्राइवेट लिमिटेड, मेबैंक सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड ओडीआई, अशोका इंडिया इक्विटी इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट पीएलसी, मोतीलाल ओसवाल फिनवेस्ट लिमिटेड और व्हाइटओक कैपिटल इक्विटी फंड शामिल हैं।
दीपा ज्वेलर्स लिमिटेड ने बताया कि इक्विटी ओरिएंटेड स्कीमों में कंपनी ने टाटा इंडिया कंज्यूमर फंड, टाटा डिविडेंड यील्ड फंड और यूनिफ़ाई म्यूचुअल फंड-यूनिफ़ाई फ्लेक्सी कैप फंड को शेयर आवंटित किए हैं। एंकर निवेशकों को आवंटित कुल 77,91,789 इक्विटी शेयरों में से, 14,96,796 शेयर 3 स्कीमों के माध्यम से 2 घरेलू म्यूचुअल फंड को आवंटित किए गए।
हॉलमार्क वाली सोने की ज्वेलरी कंपनी दीपा ज्वेलर्स लिमिटेड ने अपने 460 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 168-177 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी के मुताबिक उसका आईपीओ 1 सितंबर को खुलेगा और तीन सितंबर को बंद होगा। ये आईपीओ करीब 250 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1.18 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण होगा।
कंपनी की योजना नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी खरीद, रखरखाव सहित दीर्घकालिक कार्यशील पूंजी जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कामकाज के लिए करने की है। एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और वाल्मीकि लीला कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, और बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इश्यू की रजिस्ट्रार है। इसके शेयर 8 सितंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।
दीपा ज्वेलर्स लिमिटेड, जो हॉलमार्क वाली सोने की ज्वेलरी की एक व्यवस्थित बी2बी डिजाइनर, प्रोसेसर और सप्लायर है। ये वर्ष 2016 में स्थापित कंपनी संगठित क्षेत्र में कारोबार करने वाली व्यवसाय से व्यवसाय (बी2बी) डिजाइनर, प्रसंस्करणकर्ता और हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों की आपूर्तिकर्ता है। मुख्य तौर पर इसका कारोबार तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरलम में फैला है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

