केंद्र ने कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 31 मार्च तक बढ़ाई

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र ने कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 31 मार्च तक बढ़ाई


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 3 महीने बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी है। इससे पहले कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने बुधवार को एक अधिसूचना में कहा कि आयातित कच्ची चीनी को सफेद/परिष्कृत चीनी में बदलने और घरेलू बाजार में उसकी बिक्री की समय सीमा भी बढ़ाकर 30 सितंबर, 2027 कर दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि सरकार ने चीनी की घरेलू कीमतों में तेज वृद्धि को देखते हुए शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी थी। वर्ष 2026-27 के चीनी सत्र की शुरुआत में शुरुआती भंडार कम होने के कारण मिलों से बिक्री की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं।

देश में प्रमुख त्योहारों के दौरान आमतौर पर अगस्त महीने से नवंबर के बीच चीनी की मांग बढ़ जाती है। सरकार ने कीमतों पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार ने उन थोक उपभोक्ताओं के लिए भंडार रखने की सीमा भी तय की थी, जो महीने में 10 टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करते हैं। उनके लिए चीनी का भंडार 15 दिन की खपत तक सीमित कर दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story