क्रिप्टो बाजार में लौटी हरियाली, बिटकॉइन फिर 61,000 डॉलर के पार, एथेरियम भी 1,720 डॉलर ऊपर निकला

WhatsApp Channel Join Now
क्रिप्टो बाजार में लौटी हरियाली, बिटकॉइन फिर 61,000 डॉलर के पार, एथेरियम भी 1,720 डॉलर ऊपर निकला


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में आज जोरदार रिकवरी का रुख बना रहा। पिछले सप्ताह की भारी गिरावट के बाद प्रमुख डिजिटल एसेट्स हरे निशान में लौट आए। अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स में आई तेजी और शॉर्ट पोजीशन की जबरन लिक्विडेशन के कारण आज निचले स्तर पर खरीदारों की सक्रियता बढ़ती हुई नजर आई। हालांकि, स्पॉट ईटीएफ से पूंजी निकासी और फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर बनी चिंताओं के चलते मार्केट सेंटिमेंट्स में अभी भी सतर्कता बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों के कारोबार के दौरान ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप 2.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ बढ़ कर 2.16 ट्रिलियन डॉलर के दायरे में पहुंच गया। बाजार में आई इस रिकवरी के बीच कुल 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 59.10 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इस उछाल के बावजूद क्रिप्टो बाजार का फियर एंड ग्रीड इंडेक्स अभी भी 11 के स्तर पर यानी अत्यधिक डर के दायरे में बना हुआ है, जो निवेशकों की सावधानी को दर्शाता है। इसका एक मतलब यह भी है कि निवेशकों को फिलहाल सतर्क होकर अपनी निवेश योजना बनानी चाहिए, क्योंकि क्रिप्टो करेंसी मार्केट कभी भी बड़े उतार चढ़ाव का शिकार हो सकता है।

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में आज तीन प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई और यह एक बार फिर 61,000 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए 61,098 से 61,443 डॉलर के दायरे में कारोबार करता नजर आया। बिटकॉइन का इंडिविजुअल मार्केट कैप बढ़ कर 1.23 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया है, जबकि इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम लगभग 13.95 से 28.13 अरब डॉलर के बीच रहा। कुल क्रिप्टो बाजार में बिटकॉइन की हिस्सेदारी यानी मार्केट डोमिनेंस 58.90 प्रतिशत के स्तर पर मजबूती के साथ बनी हुई है।

इसी तरह दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम में भी अच्छी रिकवरी दर्ज की गई और यह 3.97 प्रतिशत उछल कर 1,729 डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखा। दिन के कारोबार में एथेरियम ने 1,698.25 डॉलर के निचले और 1,738.44 डॉलर के ऊपरी स्तर को छुआ। एथेरियम का इंडिविजुअल मार्केट कैप बढ़ कर 211.40 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है, वहीं इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 9.11 अरब डॉलर दर्ज किया गया। बाजार में एथेरियम की हिस्सेदारी 9.75 से 9.77 प्रतिशत पर बनी हुई है।

टॉप 15 क्रिप्टो कॉइन्स के प्रदर्शन की बात करें तो आज अधिकतर प्रमुख कॉइन्स बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। बिनेंस कॉइन यानी बीएनबी 2.91 प्रतिशत उछल कर 559.30 डॉलर, सोलाना 3.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 72.24 डॉलर और रिपल यानी एक्सआरपी 1.99 प्रतिशत बढ़ कर 0.9386 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा डॉगकॉइन 1.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 0.0553 डॉलर, कार्डानो 1.62 प्रतिशत मजबूत होकर 0.1444 डॉलर, हाइपरलिक्विड 3.84 प्रतिशत उछल कर 60.34 डॉलर और ट्रॉन 1.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 0.30 डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, चेनलिंक 8.44 डॉलर, एवलांच 6.44 डॉलर, स्टेलर 0.1253 डॉलर और बिटकॉइन कैश 192.23 डॉलर के स्तर पर कुछ दबाव में रहे। वहीं स्टेबल कॉइन्स में टेथर 0.9991 डॉलर और यूएसडी कॉइन 1 डॉलर के स्तर पर स्थिर बने रहे।

बाजार के तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, बिटकॉइन के लिए अब 58,000 से 59,000 डॉलर का दायरा सबसे महत्वपूर्ण तत्काल सपोर्ट बना हुआ है। यदि यह स्तर सुरक्षित रहता है तो ऊपर की ओर 61,200 डॉलर के पार टिकने पर बिटकॉइन 62,900 से 64,000 डॉलर के रेजिस्टेंस जोन तक जा सकता है। एथेरियम के लिए जानकारों ने 1,680 से 1,700 डॉलर को पहला अहम सपोर्ट बताया है, जिसके नीचे फिसलने पर 1,650 डॉलर का स्तर महत्वपूर्ण होगा। ऊपर की तरफ एथेरियम के लिए 1,733 से 1,750 डॉलर पहला बड़ा रेजिस्टेंस है और इसके पार निकलने पर 1,780 से 1,870 डॉलर के स्तर पर अगली रुकावट नजर आ सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story