क्रिप्टो करेंसी मार्केट में मामूली रिकवरी का रुख, बढ़त के बावजूद बिटकॉइन अभी भी 64 हजार डॉलर के स्तर के नीचे

WhatsApp Channel Join Now
क्रिप्टो करेंसी मार्केट में मामूली रिकवरी का रुख, बढ़त के बावजूद बिटकॉइन अभी भी 64 हजार डॉलर के स्तर के नीचे


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी में बढ़ रही महंगाई और ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आज क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में हल्की रिकवरी होती नजर आई। हालांकि रिकवरी के बावजूद पिछले 24 घंटे के दौरान सीमित दायरे में ही कारोबार होता रहा। पिछले सत्र की तेज बिकवाली के बाद निचले स्तर पर खरीदारी शुरू हो जाने से टॉप 15 में शामिल अधिकांश प्रमुख डिजिटल एसेट्स मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में कामकाज कर रही हैं। हालांकि, बाजार में अब भी सतर्कता का माहौल बना हुआ है और निवेशक बड़े दांव लगाने से बच रहे हैं। सतर्कता के इस माहौल में दुनिया की सबसे बड़ी आभासी मुद्रा बिटकॉइन 64 हजार डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे ही बनी हुई है।

भारतीय समय के अनुसार आज शाम सात बजे तक का कारोबार होने के बाद दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 0.41 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज करने में सफल रही थी। इस बढ़त के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिटकॉइन 63,899.97 डॉलर यानी करीब 59.70 लाख रुपये के स्तर पर कारोबार कर रही था। इसी तरह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी निचले स्तर से संभलते हुए 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,807.23 डॉलर यानी करीब 1.69 लाख रुपये के भाव पर कारोबार कर रही थी।

बिटकॉइन और एथेरियम की इस हल्की रिकवरी के साथ शीर्ष 15 में शामिल अन्य प्रमुख ऑल्टकॉइन्स के बाजार में भी सकारात्मक रुझान दिखाई दे रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जीकैश में 2.02 प्रतिशत की सबसे अधिक तेजी देखी गई। इस तेजी के कारण इसका भाव चढ़ कर 955.97 डॉलर पर पहुंच गया है। इसके अलावा ट्रॉन 0.96 प्रतिशत उछल कर 0.3126 डॉलर, चेनलिंक 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9.20 डॉलर, बीएनबी 0.59 प्रतिशत मजबूत होकर 592.89 डॉलर, मोनेरो 0.58 प्रतिशत चढ़कर 502.78 डॉलर और डॉगकॉइन 0.57 प्रतिशत की तेजी के साथ 0.05961 डॉलर के भाव पर हरे निशान में बने हुए हैं।

अन्य प्रमुख डिजिटल मुद्राओं की बात करें तो सोलाना भी 0.45 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 74.82 डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसी तरह हाइपरलिक्विड 0.39 प्रतिशत मजबूत होकर 68.82 डॉलर, यूनस सेड लियो 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9.33 डॉलर और एक्सआरपी 0.12 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 0.9870 डॉलर के भाव पर कामकाज कर रहे हैं। वहीं, कार्डानो 0.15 डॉलर के स्तर के आसपास स्थिर बना हुआ है। दूसरी ओर, स्थिर डिजिटल टोकन यानी स्टेबलकॉइन्स में शामिल टेथर 0.9988 डॉलर और यूएसडी कॉइन 0.9998 डॉलर के स्तर पर बिना किसी बदलाव के अपने स्थिर दायरे में काम कर रहे हैं।

मार्केट कैप की बात करें तो आज शाम सात बजे तक के आंकड़ों के अनुसार ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 0.11 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 2.18 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे क्रिप्टो बाजार का कुल ट्रेडिंग वॉल्यूम 0.73 प्रतिशत घटकर 70.61 बिलियन डॉलर रहा है। इसमें अकेले बिटकॉइन का कुल मार्केट कैप 1.29 ट्रिलियन डॉलर और बाजार हिस्सेदारी 58.97 प्रतिशत बनी हुई है, जबकि एथेरियम का कुल मार्केट कैप 221.01 बिलियन डॉलर के स्तर पर दर्ज किया गया है।

बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में मजबूती और फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर अनिश्चितता के कारण क्रिप्टो बाजार में बड़ी तेजी पर अंकुश लगा हुआ है। हालांकि, निचले स्तरों पर संस्थागत निवेशकों की चुनिंदा खरीदारी से बाजार को सहारा मिल रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, बाजार में फिलहाल सीमित दायरे का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इसी तरह शॉर्ट टर्म में बिटकॉइन के लिए 62,000 से 63,000 डॉलर के आसपास एक बेहद अहम सपोर्ट बने होने की बात भी कही जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story