क्रिप्टो करेंसी मार्केट में गिरावट, बिटकॉइन 74 हजार डॉलर के स्तर से नीचे फिसली

WhatsApp Channel Join Now
क्रिप्टो करेंसी मार्केट में गिरावट, बिटकॉइन 74 हजार डॉलर के स्तर से नीचे फिसली


नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी महंगाई के ऊंचे आंकड़ों और ब्याज दरों को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच आज क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में मंदी का रुख बना हुआ है। बाजार में बिकवाली का दबाव हावी होने के कारण मार्केट कैप के लिहाज से शीर्ष 10 में शामिल अधिकांश प्रमुख डिजिटल संपत्तियां लाल निशान में कारोबार कर रही हैं। केवल दो स्थिर डिजिटल टोकन यानी स्टेबलकॉइन्स ही मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। इस दबाव की वजह से दुनिया की सबसे बड़ी आभासी मुद्रा बिटकॉइन फिसलकर 74 हजार डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे आ गई है।

भारतीय समय के अनुसार आज शाम 6:45 बजे दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत में पिछले 24 घंटे के कारोबार के दौरान 0.48 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। इस गिरावट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिटकॉइन का भाव 73,970 डॉलर के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया। इसी तरह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी बिकवाली के दबाव में फंसकर 1.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,060 डॉलर के भाव पर कारोबार कर रही थी।

बिटकॉइन और एथेरियम में आई इस सुस्ती के बीच शीर्ष 10 में शामिल अन्य प्रमुख ऑल्टकॉइन्स के बाजार में भी मंदी का असर साफ दिखाई दे रहा है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सआरपी में 1.86 प्रतिशत की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है और इसका भाव टूट कर 1.06 डॉलर पर आ गया है। इसके अलावा हाइपरलिक्विड 1.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.30 डॉलर, लीडो स्टेक्ड ईथर 1.80 प्रतिशत टूट कर 2,060 डॉलर और बीएनबी 1.05 प्रतिशत फिसल कर 680.78 डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

अन्य प्रमुख डिजिटल मुद्राओं की बात करें, तो सोलाना भी 0.92 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 83.82 डॉलर के स्तर पर फिसल गई है। इसी तरह ट्रॉन 0.56 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज करते हुए 0.32 डॉलर के भाव पर लाल निशान में कारोबार कर रहा है। दूसरी ओर, इस चौतरफा बिकवाली के माहौल में केवल स्थिर डिजिटल टोकन यानी स्टेबलकॉइन्स ही बढ़त दिखाने में सफल रहे हैं, जहां टेथर 0.03 प्रतिशत और यूएसडी कॉइन 0.01 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ एक डॉलर के स्तर पर बने हुए हैं।

बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से अधिक आने के बाद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी आई है। इससे फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों पर सख्त रुख अपनाने की आशंका बढ़ गई है, जिसका सीधा असर क्रिप्टो करेंसी मार्केट पर पड़ रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, बाजार में फिलहाल सतर्कता का माहौल जारी रह सकता है। हालांकि, शॉर्ट टर्म में बिटकॉइन के लिए 73 हजार डॉलर के आसपास एक अहम सपोर्ट बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story