पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद से कच्चे तेल में नरमी, डब्ल्यूटीआई क्रूड 83.20 डॉलर के स्तर तक फिसला
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए ईरान और अमेरिका के बीच कई मुद्दों पर सहमति बन जाने की खबर के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल की कीमत में जबरदस्त गिरावट का रुख बन गया। ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड की कीमत में आज तीन प्रतिशत से भी अधिक की गिरावट आ गई। कीमत में आई गिरावट के बाद ब्रेंट क्रूड आज 85.97 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक लुढ़क गया। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड ने भी आज 83.20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक गोता लगाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसी सप्ताह ईरान के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते कच्चे तेल एवं प्राकृतिक गैस की सप्लाई भी शुरू हो जाने की उम्मीद बन गई है। होर्मुज स्ट्रेट खुलने की उम्मीद की वजह से भी कच्चे तेल की कीमत में गिरावट का रुख बन गया है। इसके पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑयल रिजर्व्स पर हमला करने की धमकी दी थी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में तेजी का रुख बन गया था।
पश्चिम एशिया के तनाव को खत्म करने के लिए शांति समझौता हो जाने की उम्मीद बन जाने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ने आज 1.32 डॉलर प्रति बैरल फिसल कर 89.06 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी। दिन के कारोबार में ब्रेंट क्रूड उछल कर कुछ देर के लिए 89.64 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंचा, लेकिन इस मामूली उछाल के बाद इसकी कीमत में गिरावट आने लगी। दिन के कारोबार में ब्रेंट क्रूड गिर कर 85.97 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया। भारतीय समय के अनुसार शाम छह बजे के करीब ब्रेंट क्रूड 2.40 डॉलर प्रति बैरल यानी 2.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 88.04 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड ने आज 1.39 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में डब्ल्यूटीआई क्रूड उछल कर 86.98 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद इसकी चाल में गिरावट आ गई। दिन के कारोबार में डब्ल्यूटीआई क्रूड फिसल कर 83.20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक चला गया। भारतीय समय के अनुसार शाम छह बजे डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.36 डॉलर प्रति बैरल यानी 2.69 प्रतिशत टूट कर 85.35 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

