पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद के कारण कच्चे तेल में नरमी का रुख, छह महीने के निचले स्तर पर आई कीमत

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद के कारण कच्चे तेल में नरमी का रुख, छह महीने के निचले स्तर पर आई कीमत


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में सीजफायर को और आगे बढ़ाने की बात पर सहमति बन जाने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत छह सप्ताह के निचले स्तर पर आ गई है। ब्रेंट क्रूड आज 90 डॉलर के स्तर से भी नीचे फिसल कर 89.24 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड आज 86.35 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंचा हुआ नजर आया।

इस महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत ज्यादातर समय 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के नीचे ही बनी रही है। ईरान और अमेरिका के बीच समझौता होने की उम्मीद के कारण कच्चे तेल की कीमत में इस महीने अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई। हालांकि दोनों पक्षों के बीच अभी तक कोई भी डील फाइनल नहीं हुई है और अनिश्चितता लगातार बनी हुई है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान ओर से डायरेक्ट और इनडायरेक्ट चैनल्स के जरिए हो रही बातचीत के आधार पर इस बात की भी उम्मीद की जा रही है कि होर्मुज स्ट्रेट के जरिए मालवहन जल्दी ही सुचारू रूप से शुरू हो सकता है। खाड़ी के देशों से होने वाली कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते ही होती है।

पश्चिम एशिया में जंग शुरू होने के बाद से ही होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते होने वाला मालवहन लगभग ठप पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित हुई है। होर्मुज स्ट्रेट ठप होने से कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस जैसे पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई अब लंबे और घुमावदार मार्ग से होने की वजह से परिवहन लागत भी बढ़ गई है, जिसकी वजह से पहले से ही ऊंचे भाव पर पहुंचे पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत और भी तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि ईरान और अमेरिका पश्चिम एशिया में फाइनल डील तक पहुंचने के पहले मौजूदा सीजफायर की अवधि को और 60 दिन के लिए बढ़ाने के लिए सहमत हो गए हैं। हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि अभी तक कोई आखिरी सहमति नहीं बनी है। अभी सिर्फ दोनों पक्षों के बीच से संदेश का आदान-प्रदान हो रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story