अमेरिका-ईरान तनाव से कच्चा तेल 98 डॉलर प्रति बैरल के पार

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका-ईरान तनाव से कच्चा तेल 98 डॉलर प्रति बैरल के पार


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एकबार फिर तेजी दर्ज हुई है। ब्रेंट क्रूड गुरुवार को 4 फीसदी बढ़कर 98 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जो पिछले छह हफ्तों का उच्चतम स्तर है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कारोबार के दौरान कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड 4.58 डॉलर यानी 4.87 फीसदी की तेजी के साथ 98.65 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जो पिछले 6 हफ्तों का उच्चतम स्तर है। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई क्रूड) भी 3.69 डॉलर यानी 4.25 फीसदी की उछाल के साथ 90.52 प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है।

उल्लेखनीय है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने देश में महंगाई और ऊर्जा संकट बढ़ा दिया है। इससे भारतीय मुद्रा रुपये और विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) के फ्लो पर असर पड़ने की संभावना है। वहीं, कच्चे तेल के महंगे होने से भारत की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के रिटेल फ्यूल मार्जिन पर भारी दबाव पड़ा है, जिससे डीजल पर कंपनियों को प्रति लीटर 20.4 रुपये का घाटा हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story