वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत को मौजूदा वित्त वर्ष में एक ट्रिलियन डॉलर का निर्यात लक्ष्य हासिल का भरोसा : गोयल

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत को मौजूदा वित्त वर्ष में एक ट्रिलियन डॉलर का निर्यात लक्ष्य हासिल का भरोसा : गोयल


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को भरोसा जताया कि भारत चालू वित्त वर्ष 2026-27 में उत्पादों एवं सेवाओं के निर्यात में एक हजार अरब डॉलर यानी एक ट्रिलियन डॉलर का लक्ष्य हासिल कर लेगा।

नई दिल्ली में 31वें भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के ‘पार्टनरशिप समिट’ को लेकर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जब दुनिया दीवारें बना रही थी, तब भारत पुल बना रहा था। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के आंकड़े देखने के बाद उन्होंने भरोसा जताया कि भारत एक हजार अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य हासिल कर लेगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत का निर्यात बढ़ रहा है।

गोयल ने कहा कि दुनिया दीवारें खड़ी कर रही है और भारत पुल बनाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में नौ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को अंतिम रूप दिए जाने से निर्यातकों के लिए कारोबार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे। केंद्रीय मंत्री ने सीआईआई को राज्यों में मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रकोष्ठ स्थापित करने का सुझाव दिया। गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी की 25 वर्षों की निरंतर जन-सेवा पर अपने संबोधन में प्रकाश डाला।

गोयल ने कहा कि भारत के एफटीए संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा करते हुए निर्यात और निवेश के अवसर खोलते हैं। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी-आधारित विकास और गवर्नेंस के माध्यम से आंध्र प्रदेश एक 'सनराइज स्टेट' के रूप में उभर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story