वाणिज्य विभाग के लिए नई एकीकृत वेबसाइट लॉन्च
- ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए नया मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स)। केंद्र सरकार ने बुधवार को व्यापार सेवाओं और डिजिटल शासन को बेहतर बनाने के लिए वाणिज्य मंत्रालय की एक नई एकीकृत वेबसाइट लॉन्च की है। इस नई प्रणाली का उद्देश्य निर्यातकों, आयातकों और हितधारकों के लिए व्यापार से संबंधित जानकारी को आसानी से सुलभ बनाना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि वाणिज्य विभाग के लिए एक आधुनिक, सुलभ और एकीकृत वेबसाइट लॉन्च की गई है। मंत्रालय के मुताबिक यह वेबसाइट डिजिटल ब्रांड आइडेंटिटी मैनुअल (डीबीआईएम) 3.0 और भारतीय सरकारी वेबसाइटों के लिए दिशानिर्देश (जीआईजीडब्ल्यू) का पूर्णतया अनुपालन करती है।
मंत्रालय ने बताया कि यह नया प्लेटफॉर्म निर्यातकों, आयातकों और अन्य हितधारकों को व्यापार संबंधी जानकारी और संसाधनों तक निर्बाध पहुंच प्रदान करके सेवा वितरण को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस पहल में ऑफलाइन एक्सेस और जीपीएस सुविधाओं से लैस एक द्विभाषी मोबाइल एप्लिकेशन (एंड्रॉइड/आईओएस) भी शामिल है। सुरक्षा, व्यापकता और निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के लिए सतत रखरखाव का प्रावधान किया गया है। यह पहल भारत के ई-गवर्नेंस विजन के अनुरूप है, जो विदेशी व्यापार में पारदर्शिता, दक्षता और कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देती है।
नई एकीकृत वेबसाइट की प्रमुख विशेषताएं: निर्बाध व्यापार पहुंच को बढ़ावा देने और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए नया मोबाइल एप्लिकेशन इस प्रकार है।
उपयोगकर्ता के अनुकूल इंटरफेस: सहज उपयोगकर्ता इंटरैक्शन के लिए सरल, स्वच्छ और सहज डिजाइन किया गया है।
बेहतर पहुंच और प्रत्युत्तर: भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, मोबाइल-अनुकूल और दिव्यांगजनों सहित सभी उपयोगकर्ताओं के लिए सुलभ है।
सरकारी डिजिटल सेवाओं के साथ एकीकृत: बेहतर सेवा वितरण के लिए मौजूदा सरकारी पोर्टलों और डेटाबेस के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी उपल्बध है।
बहुभाषी समर्थन: व्यापक पहुंच के लिए भाषिणी एपीआई का उपयोग करके 22 भारतीय भाषाओं में सामग्री उपलब्ध है।
कस्टम डिस्प्ले सेटिंग: उपयोगकर्ता फॉन्ट आकार, रंग थीम और भाषा संबंधी प्राथमिकताएं समायोजित कर सकते हैं।
व्यवस्थित नेविगेशन: स्पष्ट रूप से निर्धारित सेक्शनों और उप-सेक्शनों के साथ संरचित त्रिस्तरीय मेनू।
तत्क्षण अपडेट: सीएमएस-सक्षम प्लेटफॉर्म जो अधिकृत अधिकारियों को सामग्री को तुरंत अपडेट करने की सुविधा देता है।
मानकों के अनुरूप: जीआईजीडब्ल्यू और डीबीआईएम 3.0 दिशा-निर्देशों के अनुसार विकसित किया गया है, जो बेहतर सुरक्षा, उपयोगिता और पहुंच सुनिश्चित करता है।
मुख्य एकीकरण
सोशल मीडिया: दृश्यता और सहभागिता बढ़ाने के लिए वाणिज्य विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (एक्स, फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम) के साथ एकीकरण।
ट्रेड इंटेलिजेंस एंड एनालिटिक्स (टीआईए) पोर्टल: प्रादेशिक और कमोडिटी डिवीजन पृष्ठों पर तत्क्षण व्यापार डेटा का एकीकरण।
संसद पोर्टल: संसदीय प्रश्नों और उत्तरों से संबंधित जानकारी का स्वचालित रूप से अद्यतन होना, जिससे मैन्युअल क्रिया-कलाप की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। इसके अलावा सीपीग्राम: शिकायतों के निर्बाध निवारण के लिए आपस एकीकृत।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

