बिजली क्षेत्र को कोयला आपूर्ति में सुधार, रैक लोडिंग बढ़कर हुई 444 रैक प्रतिदिन

WhatsApp Channel Join Now
बिजली क्षेत्र को कोयला आपूर्ति में सुधार, रैक लोडिंग बढ़कर हुई 444 रैक प्रतिदिन


शीर्षक में सुधार के साथ पुनः जारी....

नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि बिजली क्षेत्र को कोयले की आपूर्ति में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। पिछले चार दिनों में कोयला लोडिंग में 74 रैक प्रतिदिन की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो बढ़कर अब 444 रैक प्रतिदिन हो गई है। यह देश में बिजली उत्पादन की जरूरतों को पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।

कोयला मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि अब तक बिजली क्षेत्र के लिए 370 रैक प्रतिदिन भेजे जा रहे थे, जो 3 सितंबर को बढ़कर 444 रैक प्रतिदिन हो गई है। इस प्रकार चार दिनों में कुल 74 रैक प्रतिदिन की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो करीब 20 फीसदी की वृद्धि है। अकेले छह सितंबर को ही 31 रैक की सुधार इसमें शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि यह विद्युत क्षेत्र को कोयले की सप्लाई को बढ़ाने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल), उसकी सहायक कंपनियों, एससीसीएल और कैप्टिव माइन ऑपरेटरों द्वारा निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

मंत्रालय ने कहा कि आवश्यक ताप विद्युत संयंत्रों (जिनमें कोयले का भंडार मानक आवश्यकता के 25 फीसदी से कम है) की संख्या पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इन संयंत्रों की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए कोयले की आपूर्ति संबंधी सुधारात्मक उपाय पहले से ही लागू किए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Share this story