सीएमपीडीआईएल का आईपीओ 20 मार्च को खुलेगा, प्राइस बैंड 163-172 रुपये प्रति शेयर

WhatsApp Channel Join Now
सीएमपीडीआईएल का आईपीओ 20 मार्च को खुलेगा, प्राइस बैंड 163-172 रुपये प्रति शेयर


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स)। कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई केंद्रीय खान योजना एवं डिजाइन संस्थान (सीएमपीडीआईएल) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 20 मार्च को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 24 मार्च तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 163-172 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी के शेयर 30 मार्च को बाजार में सूचीबद्ध होंगे।

केंद्रीय खान योजना एवं डिजाइन संस्थान (सीएमपीडीआईएल) की योजना इस आईपीओ के जरिए 1,842 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी की ओर से जारी मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 12,280 करोड़ रुपये बैठता है। कंपनी के 2 रुपये फेस वैल्यू इस इश्यू के लिए न्यूनतम बिड लॉट 80 इक्विटी शेयरों का है, जिसमें 80 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बिड की जा सकती है। यह पूरी तरह से कोल इंडिया द्वारा 10.71 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) के रूप में होगा। इसमें कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे।

कंपनी के मुताबिक ये आईपीओ 20 मार्च को खुलकर 24 मार्च को बंद होगा। इसमें निवेश के लिए एंकर निवेशक एक दिन पहले 18 मार्च को बोली लगा सकते है। कंपनी के शेयर 30 मार्च को बाजार में सूचीबद्ध होंगे। वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 2,103 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 667 करोड़ रुपये रहा। कंपनी को 1 नवंबर, 1975 को कोल इंडिया लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी के रूप में निगमित किया गया था।

---------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story