बैकों की हड़ताल के चलते केंद्रीय कर्मचारियों को वेतन भुगतान 25 सितंबर को करने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बैकों की हड़ताल के चलते केंद्रीय कर्मचारियों को वेतन भुगतान 25 सितंबर को करने का निर्देश


बैकों की हड़ताल के चलते केंद्रीय कर्मचारियों को वेतन भुगतान 25 सितंबर को करने का निर्देश


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने 28 से 30 सितंबर तक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के कारण केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सितंबर माह की सैलरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर को ही जारी करने का निर्देश दिया है।

वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 23 सितंबर को जारी एक ऑफिस मेमोरेंडम (ओएम) में केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए सैलरी और पेंशन का भुगतान जल्दी करने की जानकारी दी। व्यय विभाग ने बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देखते हुए मंत्रालयों एवं विभागों को निर्धारित समय से पहले 25 सितंबर को ही सैलरी का भुगतान करने को कहा है।

मंत्रालय ने कहा कि आदेश के अनुसार तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के दौरान बैंकिंग लेनदेन (ट्रांजैक्शन) में रुकावट की संभावना को देखते हुए सैलरी, मजदूरी और पेंशन के भुगतान में किसी भी तरह की देरी से बचने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए, केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सितंबर, 2026 की सैलरी और पेंशन 25 सितंबर को ही मिल जाएगी।

उल्लेखनीय है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28-30 सितंबर की तीन-दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया हुआ है। बैंक यूनियनों की मुख्य मांग में पांच कार्यदिवस वाले सप्ताह की व्यवस्था को लागू करने की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story