ईपीएफओ ने भविष्य निधि की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
ईपीएफओ ने भविष्य निधि की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को दी मंजूरी


ईपीएफओ ने भविष्य निधि की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को दी मंजूरी


ईपीएफओ ने भविष्य निधि की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को दी मंजूरी


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने गुरुवार को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए भविष्य निधि (पीएफ) की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को अपनी मंजूरी दे दी है। इसके तहत सदस्य अपनी भविष्य निधि की पूरी जमा धनराशि एकमुश्त निकालने के बजाय अपनी सुविधानुसार किस्तों में निकाल सकेंगे।

श्रम और रोजगार मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि यह निर्णय केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की 240वीं बैठक में लिया गया है। बोर्ड ने नियमित किस्त निकासी योजना शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

मंत्रालय ने बताया कि इससे सेवानिवृत्त होने वाले ईपीएफ के सदस्य अपनी जमा भविष्य निधि राशि एकमुश्त निकालने के बजाय नियमित किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। मंत्रालय ने कहा कि बोर्ड ने ईपीएफ निकासी के नियमों में बड़ी ढील दी है, जिसमें न्यूनतम पीएफ बैलेंस की शर्त को 25 फीसदी से घटाकर अब 10 फीसदी कर दिया गया है। इसी तरह फाइनल निकासी के लिए वेटिंग पीरियड को 12 महीने से घटाकर अब 2 महीने कर दिया गया है।

श्रम मंत्रालय के बयान के मुताबिक, एसडब्ल्यूपी के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के सेवानिवृत्त होने वाले सदस्य अपनी जमा भविष्य निधि राशि को एक बार में निकालने के बजाय नियमित अंतराल पर किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। इस सुधार के तहत सेवानिवृत्त सदस्य अपनी सुविधा के अनुसार हर महीने, तीन महीने या छह महीने में अपनी जमा भविष्य निधि राशि निकाल सकेंगे।

इस सुविधा से सदस्यों को नियमित आय का एक व्यवस्थित स्रोत मिलेगा। साथ ही, उनकी शेष जमा राशि पर प्रतिफल मिलता रहेगा। इससे सेवानिवृत्ति के बाद उनकी आय बढ़ाने और पेंशन लाभों को पूरक बनाने में मदद मिलेगी। यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और सदस्यों पर किस्तों में राशि निकालने के लिए कोई बाध्यता नहीं होगी।

इस विकल्प का लाभ पात्र परिवार के सदस्यों और लाभार्थियों को भी दिया जा सकता है। इससे परिवारों को अधिक वित्तीय सुरक्षा और लचीलापन मिलेगा। इसका उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद स्थिर आय सुनिश्चित करना, दोबारा निवेश से जुड़े जोखिम कम करना, कोष की स्थिरता मजबूत करना और ‘गिग’ यानी काम के आधार पर सेवा देने वाले और मंच आधारित कामगारों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना है।

एसडब्ल्यूपी से सदस्य सेवानिवृत्ति के बाद अपनी जमा बचत को नियमित अंतराल पर एक तय और अनुमानित राशि के रूप में निकाल सकेंगे जबकि जमा राशि पर उनका अधिकार बना रहेगा। प्रस्तावित एसडब्ल्यूपी व्यवस्था के शुरुआती चरण में 55 वर्ष से अधिक आयु के करीब 6.32 लाख उन ईपीएफ सदस्यों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है जिनके भविष्य निधि खातों में पांच लाख रुपये से अधिक की राशि जमा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story