कैलिबर माइनिंग का शेयर पहले दिन करीब 25 फीसदी की बढ़त के साथ हुआ बंद

WhatsApp Channel Join Now
कैलिबर माइनिंग का शेयर पहले दिन करीब 25 फीसदी की बढ़त के साथ हुआ बंद


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स लिमिटेड का शेयर शुक्रवार को कारोबार के पहले दिन अपने निर्गम मूल्य 424 रुपये के मुकाबले करीब 25 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में कंपनी का शेयर आज 18.86 फीसदी की बढ़त के साथ 504 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के दौरान ये 26.92 फीसदी चढ़कर 538.15 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, अंत में ये 24.64 फीसदी की बढ़त के साथ 528.50 रुपये के स्तर पर रहा।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में कंपनी का शेयर 17.98 फीसदी की बढ़त के साथ 500.25 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में ये 24.57 फीसदी चढ़कर 528.20 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 3,455.11 करोड़ रुपये रहा।

कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के अंतिम दिन 146.64 गुना अभिदान मिला था। यह आईपीओ 400 करोड़ रुपये के नए शेयर और 50 करोड़ रुपये के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण था। कंपनी ने इसके लिए 402-424 रुपये प्रति शेयर का मूल्य का दायरा तय किया था।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में गठित कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स एकीकृत खनन सेवा प्रदाता कंपनी है। इसकी अपनी कोई खदान नहीं है, लेकिन यह अपने ग्राहकों को खनन और लॉजिस्टिक सेवाएं देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story