एवैक्स अपैरल्स के एक शेयर पर बोनस में मिलेंगे तीन नए शेयर, 7 अप्रैल है रिकॉर्ड डेट
नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। एवैक्स अपैरल्स एंड आर्नामेंट्स ने अपने बोनस शेयर के अलॉटमेंट की तारीख घोषित कर दी है। बोनस शेयर देने का ऐलान फरवरी में किया गया था। कंपनी ने बोनस शेयर के अलॉटमेंट की तारीख 08 अप्रैल तक की है। कंपनी के ऐलान के अनुसार शेरहोल्डर्स के पास मौजूद हर एक शेयर पर तीन नए शेयर बोनस के रूप में दिए जाएंगे।
बोनस शेयर का अलॉटमेंट करने के लिए 07 अप्रैल को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है, मतलब 07 तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के शेयर होल्डर के तौर पर डिपॉजिटरी के रिकार्ड्स या रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी में मौजूद होंगे, उन्हें ही बोनस शेयर अलॉट किया जाएगा। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 05 रुपये है।
पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को एवैक्स अपैरल्स एंड आर्नामेंट्स के शेयर 168 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। इस कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 35 करोड़ रुपये है। कंपनी जनवरी 2025 में बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुई थी। इसका आईपीओ 1.92 करोड़ रुपये का था। कंपनी के प्रमोटर हरिंदरपाल सिंह सोढ़ी और हरीश कुमार हैं।
पिछले एक साल की अवधि में कंपनी के शेयर की कीमत लगभग 200 प्रतिशत बढ़ी है। पिछले छह महीने में ही इसने लगभग 180 प्रतिशत का उछाल देखा है। हाल ही में कंपनी का स्टॉक स्प्लिट हुआ है। इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर 5 रुपये फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में टूट गया। एवैक्स अपैरल्स एंड आर्नामेंट्स का वित्त वर्ष 2025 में स्टैंड अलोन बेसिस पर रेवेन्यू 34.36 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 1.63 करोड़ रुपये रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

