बीएचईएल ने सरकार को 2025-26 के लिए 283.56 करोड़ रुपये का अंतिम लाभांश दिया
नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को 283.56 करोड़ रुपये का अंतिम लाभांश (डिविडेंड) दिया है।
कंपनी ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि बीएचईएल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत सरकार को 283.56 करोड़ रुपये का अंतिम लाभांश दिया है। यह अंतिम लाभांश का चेक बीएचईएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति ने केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी को सौंपा है।
बीएचईएल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दिया गया 283.56 करोड़ रुपये का लाभांश वित्त वर्ष 2024-25 में दिए गए लाभांश से ढाई गुना से अधिक है। केंद्र सरकार के पास बीएचईएल की 58.17 फीसदी हिस्सेदारी है। इस हिस्सेदारी पर यह चेक कंपनी ने दिया है। कंपनी के सभी शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल 487.49 करोड़ रुपये का लाभांश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

