वन नेशन, वन एक्सपो’ थीम के तहत भारत बिल्डकॉन 2026 का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
वन नेशन, वन एक्सपो’ थीम के तहत भारत बिल्डकॉन 2026 का उद्घाटन


नई दिल्ली, 18 जून (हि.स)। देश में निर्माण सामग्री और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री को मजबूती देने के लिए 'वन नेशन, वन एक्सपो' प्रदर्शनी का गुरुवार को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में उद्घाटन किया गया। पहले दिन यहां 25 हजार से अधिक आगंतुक प्रदर्शनी देखने आए।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि भवन निर्माण सामग्री और निर्माण उद्योग के लिए आयोजित प्रदर्शनी भारत बिल्डकॉन 2026, ‘वन नेशन, वन एक्सपो’ का उद्घाटन नई दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा सांसद पुरुषोत्तम रूपाला ने निर्माण एवं भवन सामग्री उद्योग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री ने आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय उद्योगों के लिए अवसरों के विस्तार में मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने भारत–ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच बाजार पहुंच बढ़ने के साथ ही साथ व्यापार संबंधों के मजबूत होने की आशा है, जिससे भारतीय निर्माताओं और निर्यातकों के लिए नए अवसर उत्पन्न होंगे।

जितिन प्रसाद ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का भी उल्लेख किया, जिसमें गुणवत्ता पर ध्यान देते हुए भारत को भरोसेमंद वैश्विक विनिर्माण और सोर्सिंग गंतव्य के तौर पर स्थापित करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि भारत के पास निर्माण एवं भवन सामग्री सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए आवश्यक क्षमताएँ और संसाधन मौजूद हैं।

प्रसाद ने कहा कि भारत बिल्डकॉन जैसे मंच निर्माताओं, नवप्रवर्तकों, खरीदारों, नीति-निर्माताओं और उद्योग हितधारकों के बीच संवाद को सुगम बनाते हैं, इसके साथ ही इस क्षेत्र में अधिक सहयोग और व्यावसायिक अवसरों के विस्तार में योगदान देते हैं। यह प्रदर्शनी आगामी दिनों में भी जारी रहेगी और उद्योग सहभागिता, प्रौद्योगिकी प्रदर्शन तथा व्यावसायिक संवाद के लिए एक मंच प्रदान करेगी।

मंत्रालय के मुताबिक भारत बिल्डकॉन 2026 में 90 से ज्यादा देशों और भारत के 100 से अधिक शहरों की भागीदारी है। इस प्रदर्शनी में सिरेमिक्स और स्टोन, हार्डवेयर, सीमेंट और स्टील, प्लाइवुड और लैमिनेट्स, फर्नीचर, सैनिटरीवेयर, इलेक्ट्रिकल्स, पेंट्स, निर्माण प्रौद्योगिकियों तथा अन्य संबंधित क्षेत्रों सहित 24 खंडों में उत्पादों, तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि यह प्रदर्शनी भारत के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से आर्किटेक्ट्स, बिल्डर्स, डेवलपर्स, ठेकेदारों, निर्माताओं, व्यापारियों, नीति-निर्माताओं, उद्योग संघों तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को एक साथ लाती है, जिससे उद्योग के बीच संवाद और व्यावसायिक सहयोग के लिए एक मंच उपलब्ध होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story