बजाज ऑटो की अप्रैल में कुल बिक्री 40 फीसदी बढ़कर 5,13,792 इकाई

WhatsApp Channel Join Now
बजाज ऑटो की अप्रैल में कुल बिक्री 40 फीसदी बढ़कर 5,13,792 इकाई


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स)। प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी बजाज ऑटो लिमिटेड की अप्रैल महीने में कुल बिक्री 40 फीसदी बढ़कर 5,13,792 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल के इसी अवधि में यह 3,65,810 इकाई रही थी।

कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा कि बजाज ऑटो लिमिटेड ने अप्रैल महीने में अपनी कुल बिक्री में 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। अप्रैल में यह बिक्री 5,13,792 इकाई रही है, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 3,65,810 इकाई थी। इस दौरान घरेलू बिक्री 13 फीसदी बढ़कर 2,48,210 इकाई हो गई, जबकि अप्रैल 2025 में यह 2,20,615 इकाई थी। इस वृद्धि का मुख्य कारण 83 फीसदी की भारी निर्यात वृद्धि है।

कंपनी ने बताया कि पिछले साल इसी महीने के 1,45,195 इकाई के मुकाबले निर्यात में 83 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह बढ़कर 2,65,582 इकाई हो गया है। पिछले महीने घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री 2,10,063 इकाई रही है, जबकि अप्रैल 2025 में यह 1,88,615 इकाई थी। इस तरह बिक्री में 11 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

कंपनी ने बताया कि दोपहिया वाहनों का निर्यात भी 78 फीसदी बढ़कर 2,29,890 इकाई हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 1,29,322 इकाई था। बजाज ऑटो ने बताया कि अप्रैल 2026 में कुल कमर्शियल वाहनों की बिक्री 73,839 इकाई रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 47,873 इकाई थी। इस तरह इसमें 54 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story