एविएशन टर्बाइन फ्यूल के दाम 5.46 फीसदी बढ़े, नई दरें लागू

WhatsApp Channel Join Now
एविएशन टर्बाइन फ्यूल के दाम 5.46 फीसदी बढ़े, नई दरें लागू


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के अनुरूप विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में 5.46 फीसदी का इजाफा किया है। नई दरें मंगलवार से लागू हो गई है।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के मुताबिक एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में इजाफा के बाद अब घरेलू एयरलाइंस के लिए विमान ईंधन का दाम 6,280 रुपये बढ़कर 1,21,280 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है, जो पहले 1,15,000 रुपये प्रति किलोलीटर था। एटीएफ की कीमत में यह बढ़ोतरी 1 अगस्त को 5 रुपये प्रति किलोलीटर की वृद्धि के बाद दोबारा हुई है। इन दो बढ़ोतरी से एयरलाइंस पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिनके लिए एटीएफ ऑपरेटिंग लागत का 40 फीसदी तक होता है।

एविएशन सेक्टर के जानकारों का कहना है कि एटीएफ में लगातार दो बार बढ़ोतरी से विमानन कंपनियों पर वित्तीय बोझ बढ़ेगा। विमान ईंधन के दाम में हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। यह संशोधन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की संदर्भ कीमतों और विदेशी मुद्रा दरों के आधार पर होता है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण इसकी कीमतें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story