एनएलएमसी ने प्रयागराज में 11 सरकारी आवासीय फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए आरएफपी जारी किया

WhatsApp Channel Join Now
एनएलएमसी ने प्रयागराज में 11 सरकारी आवासीय फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए आरएफपी जारी किया


नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम (एनएलएमसी) ने प्रयागराज के तीन प्रमुख इलाकों में स्थित 11 सरकारी आवासीय फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए प्रस्ताव अनुरोध (आरएफपी) जारी किया है।

वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि एनएलएमसी ने प्रयागराज की तीन प्रमुख जगहों पर स्थित 11 सरकारी आवासीय फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए आरएफपी जारी किया है।

फ्लैट और उनकी लोकेशन का विवरण

वित्त मंत्रालय के मुताबिक ये सभी 11 रेडी-टू-मूव (पूरी तरह से तैयार) फ्लैट प्रयागराज के तीन प्रमुख और स्थापित आवासीय क्षेत्रों में स्थित हैं, जो बुनियादी नागरिक सुविधाओं (जैसे स्कूल, अस्पताल और वाणिज्यिक केंद्रों) से अच्छी तरह जुड़े हुए हैं, जो इस प्रकार है।

जूही हाउसिंग स्कीम (म्यूर रोड)- यहां 2बीएचके (दो बेडरूम) विन्यास वाले कुल 5 फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनका बिल्ट-अप एरिया लगभग 107 से 108 वर्ग मीटर है।

परिवर्तन हाउसिंग स्कीम (थॉर्नहिल रोड)-यहां 2 बीएचके और 3 बीएचके दोनों प्रकार के कुल 4 फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनका बिल्ट-अप एरिया लगभग 106 से 139 वर्ग मीटर के बीच है।

अग्निपथ हाउसिंग स्कीम (टी.बी. सप्रू रोड, सिविल लाइंस)- यहां 3 बीएचके विन्यास के 2 फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनका बिल्ट-अप एरिया करीब 96 और 112 वर्ग मीटर है।

ई-नीलामी प्रक्रिया से जुड़ी मुख्य समय-सीमाएं इस प्रकार हैं- मंत्रालय ने कहा कि आरएफपी 5 नवंबर, 2026 को जारी किया गया है।

प्री-बिड बैठक- 20 नवंबर 2026 (सुबह 11:00 बजे) तक। बोलीदाताओं को तकनीकी दस्तावेजों, नियमों और पात्रता शर्तों को समझने के लिए।

पंजीकरण और ईएमडी जमा करने की अंतिम तिथि- 7 दिसंबर, 2026 (शाम 5:00 बजे तक)। नीलामी में भाग लेने के लिए आवश्यक बयाना राशि जमा करना अनिवार्य है।

ई-नीलामी की तिथि- 11 दिसंबर, 2026 (सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक)। ये पूरी बोली प्रक्रिया ऑनलाइन डिजिटल पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक इच्छुक घर खरीदार, व्यक्तिगत निवेशक या पात्र बोलीदाता विस्तृत पात्रता मानदंड, नियमों और शर्तों के लिए आधिकारिक ई-नीलामी पोर्टल (ई-नीलामी एनिविडा) या एनएलएमसी वेबसाइट पर जा सकते हैं। बोली प्रक्रिया में भाग लेने के लिए डिजिटल पोर्टल पर जाकर केवाईसी सत्यापन और पंजीकरण पूरा करना होगा।

तीन स्थानों पर स्थित आवासीय संपत्तियां

मंत्रालय ने कहा कि प्रस्तावित ई-नीलामी में प्रयागराज की तीन आवासीय योजनाओं में स्थित 11 तैयार आवासीय फ्लैट शामिल हैं। इनमें संभावित खरीदारों के पास दो-बेडरूम और तीन-बेडरूम वाले आवासीय यूनिट चुनने का विकल्प होगा। ये संपत्तियां ऐसे सुस्थापित आवासीय इलाकों में स्थित हैं, जहां से शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774813 Articles

Share this story