एपीडा ने जम्मू-कश्मीर से पहली बार सिंगापुर को प्रीमियम चेरी और आलूबुखारे का किया निर्यात

WhatsApp Channel Join Now
एपीडा ने जम्मू-कश्मीर से पहली बार सिंगापुर को प्रीमियम चेरी और आलूबुखारे का किया निर्यात


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने जम्मू-कश्मीर के शोपियां और पुलवामा जिलों से पहली बार प्रीमियम अरेको चेरी और सेंटरोज प्लम (आलूबुखारा) की खेप सिंगापुर निर्यात कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस पहल से क्षेत्र के बागवानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी और उनकी आय में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर के बागवानी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इससे पहले कश्मीर से ताजी चेरी और प्लम का सफल निर्यात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी और दुबई के बाजारों में किया जा चुका है। अब सिंगापुर जैसे नए और उच्च मूल्य वाले बाजार तक पहुंच बनने से कश्मीर के प्रीमियम शीतोष्ण फलों की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।

मंत्रालय के अनुसार, एपीडा ने मेसर्स ओसुम फूड सॉल्यूशंस एलएलपी तथा मेसर्स फ्रूट मास्टर एग्रो फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड, पुलवामा के सहयोग से 16 जुलाई को सिंगापुर के लिए पहली निर्यात खेप को रवाना किया। इस अवसर पर फ्लैग-ऑफ समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें निर्यातकों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

मंत्रालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की अनुकूल कृषि-जलवायु परिस्थितियां उच्च गुणवत्ता वाले चेरी, प्लम, सेब और अन्य शीतोष्ण फलों के उत्पादन के लिए उपयुक्त हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बढ़ने से स्थानीय किसानों और बागवानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story