एचडीएफसी बैंक की कमान संभालेंगे अनूप बागची, आरबीआई ने दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
एचडीएफसी बैंक की कमान संभालेंगे अनूप बागची, आरबीआई ने दी मंजूरी


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अनूप बागची निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक के अगले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक होंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने गुरुवार को बैंक का नेतृत्व करने के लिए उनके नाम को मंजूरी दे दी।

देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक की ओर से शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार बागची की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। वह 27 अक्टूबर से एमडी एवं सीईओ का पद संभालेंगे। बागची मौजूदा सीईओ शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे, जिनका छह साल का कार्यकाल 26 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है।

बागची फिलहाल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ हैं। वह 2023 से इस पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह करीब छह साल तक आईसीआईसीआई बैंक के कार्यकारी निदेशक रहे। उन्होंने 1992 में आईसीआईसीआई समूह के साथ अपना करियर शुरू किया था और खुदरा एवं थोक बैंकिंग समेत विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं।

एचडीएफसी बैंक के निदेशक मंडल ने बागची को दो अक्टूबर से अतिरिक्त निदेशक नियुक्त करने की भी मंजूरी दी है। एमडी एवं सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति के लिए बैंक के शेयरधारकों की मंजूरी भी जरूरी होगी। बागची के सामने एचडीएफसी बैंक की मुख्य आय बढ़ाने, शुद्ध ब्याज मार्जिन पर दबाव से निपटने और उत्पादों की गलत बिक्री से जुड़े मामलों को नियंत्रित करने जैसी चुनौतियां होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story