अमेजन 2030 तक भारत में नवीकरणीय ऊर्जा के लिए सात अरब डॉलर खर्च करेगी

WhatsApp Channel Join Now
अमेजन 2030 तक भारत में नवीकरणीय ऊर्जा के लिए सात अरब डॉलर खर्च करेगी


अमेजन 2030 तक भारत में नवीकरणीय ऊर्जा के लिए सात अरब डॉलर खर्च करेगी


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स और तकनीक कंपनी अमेजन ने भारत के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में अपनी उपस्थिति को व्यापक स्तर पर विस्तार देने की घोषणा की है। कंपनी ने भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 2030 तक सात अरब डॉलर (लगभग 65,393 करोड़ रुपये) का निवेश करने का ऐलान किया है। ई-कॉमर्स कंपनी पहले ही 4 अरब डॉलर की परियोजनाओं के लिए अनुबंध कर चुकी है।

वैश्विक ई-कॉमर्स और क्लाउड टेक्नोलॉजी कंपनी ने मंगलवार को कुल 934 मेगावाट क्षमता की पवन एवं सौर ऊर्जा से जुड़ी चार नई परियोजनाओं की भी घोषणा की। कंपनी ने बताया कि इस निवेश से अमेजन भारत में कार्बन-मुक्त ऊर्जा की खरीद करने वाली प्रमुख कंपनियों में भी शामिल हो जाएगी। अमेजन के मुताबिक इन चार परियोजनाओं में कर्नाटक में 234 मेगावाट का पवन ऊर्जा संयंत्र शामिल है। यह एशिया में अब तक अमेजन की सबसे बड़ी पवन ऊर्जा परियोजना है। इसके अलावा इसी राज्य में 200 मेगावाट की सौर एवं पवन ऊर्जा की मिश्रित परियोजना, मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना और राजस्थान में 200 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना शामिल हैं।

कंपनी के अनुसार ये परियोजनाएं भारत में अमेजन की पहले से समझौते के तहत शामिल चार अरब डॉलर की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का हिस्सा हैं। कंपनी ने कहा कि इन परियोजनाओं के चालू होने के बाद भारत में अमेजन के नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो की कुल क्षमता दो गीगावाट से अधिक हो जाएगी। इससे इतनी बिजली उत्पन्न हो सकेगी, जो 35 लाख से अधिक भारतीय परिवारों की सालाना जरूरतों के बराबर होगी।

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम भारत में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अमेज़न के निरंतर निवेश का स्वागत करते हैं। इस तरह के निवेश भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और टिकाऊ आर्थिक विकास में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ये निवेश भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते भरोसे को भी दर्शाते हैं। साथ ही, ये दीर्घकालिक निवेश आकर्षित करने, आर्थिक अवसर पैदा करने और देश में ऊर्जा परिवर्तन की प्रक्रिया को तेज करने की क्षमता भी दिखाते हैं। हम भारत के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग जगत के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story