जयपुर से मुंबई और बेंगलुरु के लिए रविवार से उड़ान शुरू करेगी अकासा एयर
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी अकासा एयर ने रविवार, 11 अक्टूबर से जयपुर से मुंबई और बेंगलुरु के लिए अपनी सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा की है। साथ ही अकासा एयर ने रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानों पर लगी रोक को 13 अक्टूबर, 2026 तक बढ़ा दिया है।
कंपनी ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि राज्य में हवाई संपर्क बढ़ाने की अपनी योजना के तहत वह 15 अक्टूबर से उदयपुर से भी परिचालन शुरू करेगी। एयरलाइन ने कहा कि जयपुर से बेंगलुरु के लिए पहली उड़ान रविवार को सुबह 11:30 बजे रवाना होगी और पहर दो बजे पहुंचेगी।
एयरलाइन अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि राजस्थान कंपनी की नेटवर्क विस्तार योजनाओं का स्वाभाविक विस्तार है। उन्होंने कहा, ''जयपुर का पर्यटन बाजार परिपक्व और विविध है। इसे मुंबई और बेंगलुरु से जोड़ने से हमें कई तरह के यात्रियों की जरूरत को पूरा करने का मौका मिलेगा।''
श्रीनिवासन ने कहा कि एयरलाइन राजस्थान में अपनी उपस्थिति बढ़ाने और यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक विकल्प देने पर ध्यान केंद्रित करेगी। बयान के अनुसार मुंबई-जयपुर दैनिक सेवा मुंबई से सुबह 9:10 बजे रवाना होगी और सुबह 11:10 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी की उड़ान दोपहर में जयपुर से रवाना होगी। इसी तरह बेंगलुरु-जयपुर उड़ान सुबह 10:50 बजे पहुंचेगी और इसकी वापसी सुबह 11:30 बजे होगी।
कंपनी ने ‘एक्स’ पर जारी एक अन्य बयान में कहा कि रियाद में सुरक्षा की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, अकासा एयर ने रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानों पर लगी रोक को 13 अक्टूबर, 2026 तक बढ़ा दिया है। हम लगातार स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं और उसका आकलन कर रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि इन उड़ानों के रद्द होने से प्रभावित यात्री या तो पूरा रिफंड ले सकते हैं (जो 7 दिनों के भीतर पेमेंट के ओरिजिनल सोर्स में क्रेडिट कर दिया जाएगा) या बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपनी यात्रा का समय बदल सकते हैं। जिन यात्रियों ने ट्रैवल पार्टनर के ज़रिए बुकिंग की थी, उनसे अनुरोध है कि वे मदद के लिए सीधे उनसे संपर्क करें। हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

