एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ बनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी

WhatsApp Channel Join Now
एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ बनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स)। निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने वैश्विक स्तर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारती एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बन गई है।

कंपनी ने गुरुवार को ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशंस (जीएसएमए) के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि ‘जीएसएमए इंटेलिजेंस’ के मुताबिक मोबाइल ग्राहक आधार के लिहाज से भारती एयरटेल वैश्विक स्तर पर दूसरे स्थान पर है। कंपनी भारत तथा अफ्रीका में सेवाएं देती है। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि यह संख्या 31 मार्च तक उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं।

एयरटेल ने कहा कि भारत में उसके 36.8 करोड़ से अधिक मोबाइल ग्राहक हैं, जबकि अफ्रीका के 14 देशों में 17.9 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं। कंपनी के अनुसार अपने क्षेत्रीय बाजारों से आगे बढ़ते हुए एयरटेल ‘यूटेलसैट वनवेब’ और ‘स्पेसएक्स’ के साथ रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से डिजिटल खाई को पाटने का प्रयास कर रही है।

भारती एयरटेल के कार्यकारी उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने कहा कि हम नवाचार, विश्वसनीयता एवं सेवाओं के अनुभव के स्तर को और ऊंचा करने का प्रयास करेंगे, ताकि हर ग्राहक के साथ संपर्क भरोसा जीतने तथा मूल्य प्रदान करने का अवसर बने।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story