एयरबीएनबी पर ठहरने के साथ कार और एआई आधारित यात्रा सुविधा भी उपलब्ध

WhatsApp Channel Join Now
एयरबीएनबी पर ठहरने के साथ कार और एआई आधारित यात्रा सुविधा भी उपलब्ध


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स)। होमस्टे के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एयरबीएनबी पर ठहरने की बुकिंग के साथ कार और एआई आधारित यात्रा सुविधाएं, छोटे और बुटिक होटल उपलब्ध होंगे। एयरबीएनबी ने गुरुवार को अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए यात्रा को अधिक आसान और व्यक्तिगत बनाने के लिए कई नए फीचर पेश किए हैं।

एयरबीएनबी ने अपने प्लेटफॉर्म पर एआई आधारित नए फीचर जोड़े हैं, जो लोगों को ठहरने के लिए सही जगह चुनने, यात्रा की योजना बनाने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पाने में मदद करेंगे। अब यात्री एक ही ऐप के जरिए ठहरने की बुकिंग के साथ स्थानीय अनुभव, निजी सेवाएं और यात्रा से जुड़ी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

कंपनी ऐसे नए अनुभव भी ला रही है, जो सिर्फ एयरबीएनबी पर उपलब्ध होंगे। इनमें फीफा विश्व कप 2026 से जुड़े खास कार्यक्रम और गतिविधियां भी शामिल हैं। इसके अलावा अब छोटे एवं बुटिक होटल भी एयरबीएनबी पर उपलब्ध होंगे। कंपनी ने किराना डिलीवरी, एयरपोर्ट पिकअप, सामान रखने की सुविधा और किराये की कार जैसी नई सेवाओं की भी शुरुआत की है।

इसके अलावा अब यात्री स्थानीय विशेषज्ञों के साथ शहर घूमने, खास खानपान अनुभव लेने और फीफा विश्व कप 2026 से जुड़े विशेष कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे। एयरबीएनबी अपने मंच पर हजारों बुटिक और स्वतंत्र होटल भी जोड़ रहा है। शुरुआत में यह सुविधा न्यूयॉर्क, पेरिस, लंदन, रोम और सिंगापुर जैसे प्रमुख शहरों में उपलब्ध होगी।

एयरबीएनबी के को-फाउंडर एवं सीईओ ब्रायन चेस्की ने कहा, “यात्रा केवल आसान नहीं, बल्कि यादगार भी होनी चाहिए। अच्छी यात्राएं लोगों को नई जगहों को समझने, नई चीजें सीखने और नए अनुभवों के साथ लौटने का मौका देती हैं। एयरबीएनबी इसी सोच के साथ काम कर रहा है। इस गर्मी हम लोगों को शानदार ठहरने की जगहों, बुटिक होटलों, फीफा विश्व कप से जुड़े खास अनुभवों और यात्रा को आसान बनाने वाली नई सेवाओं जैसे कई नए विकल्प दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story