एयर इंडिया ने 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल का स्वागत किया, कहा- वाराणसी से जल्द शुरू करेगी उड़ानें

WhatsApp Channel Join Now
एयर इंडिया ने 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल का स्वागत किया, कहा- वाराणसी से जल्द शुरू करेगी उड़ानें


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स)। एयर इंडिया ने बुधवार को केंद्र सरकार के 'हब-एंड-स्पोक' एविएशन मॉडल को लागू करने के कदम का समर्थन और स्वागत किया। साथ ही उसने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी जल्द शुरू करने की घोषणा की है।

टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि हम भारत सरकार के 'हब-एंड-स्पोक' एविएशन मॉडल को लागू करने के कदम का स्वागत करते हैं। यह भारत को एक वैश्विक एविएशन हब के तौर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। यह मॉडल विमानों का ज़्यादा कुशलता से इस्तेमाल करने में मदद करता है। इसके साथ ही यात्रियों की प्रोसेसिंग को विकेंद्रीकृत करता है और बड़े हवाई अड्डों पर भीड़भाड़ कम करता है।

एयरलाइन ने कहा कि यह 'पॉइंट-टू-पॉइंट' यात्रा से हटकर एक ज्यादा जुड़े हुए वैश्विक ट्रांज़िट इकोसिस्टम की ओर एक बदलाव का संकेत है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए हम वाराणसी से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए पहुंच आसान होगी और वैश्विक गंतव्यों से जुड़ाव मजबूत होगा। एक ज़्यादा जुड़ा हुआ और सुलभ नेटवर्क बनाने की दिशा में यह एक और कदम है। यह इस बात का संकेत है कि भारत को एक ग्लोबल एविएशन हब बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे मेट्रो शहरों के एयरपोर्ट्स पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।

उल्लेखनीय है कि भारत को एक प्रमुख वैश्विक ट्रांजिट पॉइंट बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा पेश 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल का लक्ष्य भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों को मुख्य हवाई अड्डों के जरिए सीधे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ना है। इसी रणनीति को धरातल पर उतारते हुए एयर इंडिया ने इस मॉडल के तहत वाराणसी से अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं लॉन्च करने का ऐलान किया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story