एयर इंडिया और सऊदिया एयरलाइंस ने कोडशेयर विस्तार के लिए किया समझौता
नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया और सऊदी अरब की सऊदिया एयरलाइंस ने अपनी रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों एयरलाइंस के बीच कोडशेयर समझौते का विस्तार, नेटवर्क कनेक्टिविटी में सुधार करने और व्यापक वाणिज्यिक सहयोग की संभावनाओं को तलाशने की योजना है।
एयर इंडिया ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा कि हमने अपनी मौजूदा कोडशेयर डील को आगे बढ़ाते हुए और ऑपरेशनल व कमर्शियल सहयोग के नए मौके बनाते हुए, अपनी स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को बढ़ाने के लिए सऊदिया एयरलाइंस के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है।
एयरलाइन ने बताया कि इस समझौते पर सऊदी समूह के डायरेक्टर जनरल इंजीनियर इब्राहिम अल-ओमर और एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ और प्रबंध निदेशक मिस्टर कैंपबेल विल्सन ने हस्ताक्षर किए हैं।
एयर इंडिया ने कहा कि हम साथ मिलकर अपने नेटवर्क में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, कस्टमर एक्सपीरियंस और लॉयल्टी के मामले में सहयोग को गहरा करने व भारत, सऊदी अरब और अन्य जगहों के बीच यात्रा करने वालों के लिए ज़्यादा वैल्यू बनाने का लक्ष्य रखते हैं।
एयरलाइन ने कहा कि यह एमओयू हमारे संबंधित ग्रुप्स की अन्य एयरलाइंस (जैसे एयर इंडिया एक्सप्रेस और फ्लाईडील) तक इस पार्टनरशिप को बढ़ाने की संभावना तलाशने की नींव भी रखता है, जिससे हमारे यात्रियों के लिए और भी बेहतर कनेक्टिविटी और विकल्प बनेंगे। गौारतलब है कि भारत और सऊदी अरब के बीच यात्री यातायात लगातार बढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

