बैंक के पास 2,000 रुपये के 98.47 फीसदी नोट आए वापस: आरबीआई
नई दिल्ली/मुंबई, 01 मई (हि.स)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि चलन में रहे दो हजार रुपये मूल्य के 98.47 फीसदी नोट बैंक में वापस आ चुके हैं। हालांकि केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया कि 2,000 रुपये मूल्य के बैंक नोट अभी भी वैध मुद्रा बने हुए हैं।
आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपये मूल्य के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। रिजर्व बैंक के मुताबिक 19 मई, 2023 को जब इस नोट को वापस लेने की घोषणा की गई थी, उस समय चलन में दो हजार रुपये के नोटों का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपये था, जो 30 अप्रैल, 2026 को घटकर 5,451 करोड़ रुपये रह गया है।
केंद्रीय बैंक ने जारी एक बयान में कहा, “इस प्रकार 19 मई, 2023 तक चलन में रहे 2,000 रुपये मूल्य के 98.47 फीसदी नोट वापस आ चुके हैं।” बैंक ने बताया कि 19 मई, 2023 से उसके 19 निर्गम कार्यालयों में 2,000 रुपये के नोट बदलने की सुविधा उपलब्ध है। नौ अक्टूबर, 2023 से इन कार्यालयों में व्यक्ति और संस्थाएं अपने बैंक खातों में जमा के लिए भी ये नोट दे सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

