पाचवां कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन 03 अक्टूबर से नई दिल्ली में होगा आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
पाचवां कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन 03 अक्टूबर से नई दिल्ली में होगा आयोजित


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। देश की राजधानी नई दिल्ली में 5वां कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन 03 से 05 अक्टूबर, 2026 तक प्रवाह के युग में सुदृढशीलता विषय के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय सम्मेलन में वरिष्ठ नीति निर्माताओं, अर्थशास्त्रियों, शिक्षाविदों, वित्तीय विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय विचारक एक साथ इसमें मौजूद रहेंगे।

वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन पांचवें कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (केईसी 2026) में अपना उद्घाटन भाषण देंगे। इसके साथ ही केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण केईसी 2026 में 'भारत की आर्थिक प्राथमिकताएं' पर विशेष पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगी।

मंत्रालय के मुताबिक केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर 'भारत और विश्व: डिजाइन द्वारा अनुकूलन' विषय पर विशेष समापन भाषण देंगे। केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया इस सम्मेलन में 'कनेक्टेड इंडिया, एम्पावर्ड फाइनेंस: एआई इकोनॉमी के लिए विश्वसनीय डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण' विषय पर मुख्य भाषण देंगे।

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 'संस्कृति पूंजी के रूप में: विरासत से क्षितिज तक' विषय पर मुख्य भाषण देंगे। नई दिल्ली में 03 से 05 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में करीब 30 देशों के 200 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी सुदृढ़शीलता, वैश्विक विखंडन, प्रौद्योगिकी, व्यापार, वित्त व भारत की आर्थिक प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story