सप्ताह के पहले दिन ही गिरा शेयर बाजार, निवेशकों को 5.64 लाख करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताह के पहले दिन ही गिरा शेयर बाजार, निवेशकों को 5.64 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। सप्ताह की शुरुआत में महानवमी के दिन आज घरेलू शेयर बाजार चौतरफा बिकवाली के दबाव में जोरदार गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में हुई थी, लेकिन बाजार खुलते ही ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली और भारी बिकवाली का ऐसा दबाव बना कि सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बुरी तरह लुढ़क गए।

हालांकि, दिन के कारोबार के दौरान बीच-बीच में बैंकिंग शेयरों के सहारे बाजार ने निचले स्तरों से कुछ रिकवरी करने की कोशिश भी की, लेकिन ये रिकवरी टिकाऊ नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसक्स 1.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने आज 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। अंत में दोनों सूचकांकों ने भारी गिरावट के साथ दम तोड़ दिया।

बिकवाली के इस प्रचंड झटके से सेंसेक्स आज के ओपनिंग लेवल से 1,140 अंक से अधिक नीचे गोता लगा गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 330 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 22,900 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसल कर बंद होने पर मजबूर हुआ। पूरे दिन के उतार-चढ़ाव और गिरावट भरे कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.17 प्रतिशत और निफ्टी 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार में आज मचे इस हाहाकार की वजह से शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में लगभग 5.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज शुक्रवार के क्लोजिंग लेवल 74,729.27 अंक के मुकाबले 120.03 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,849.30 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से यह सूचकांक अपनी शुरुआती बढ़त गंवा कर कुछ ही मिनटों में लाल निशान में गिर गया।

कमजोरी के इस दौर में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,140.76 लुढ़क कर 1,020.73 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,708.54 अंक के स्तर तक फिसल गया। हालांकि, बाद में निचले स्तर पर हुई हल्की खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक थोड़ा संभलने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के अपने निचले स्तर से 144.36 अंक सुधर कर 876.37 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,852.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 4.70 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त लेकर 23,150.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवालों के पूरी तरह हावी हो जाने से निफ्टी भी अपनी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गया। लगातार हो रही भारी बिक्री के कारण ये सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 330.25 अंक फिसल कर 301.15 अंक की कमजोरी के साथ 22,845 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद शेयर बाजार को पीएसयू बैंकों के शेयरों में हुई खरीदारी से थोड़ा सहारा मिला, जिससे निफ्टी ने रिकवरी की मामूली कोशिश भी की। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी निचले स्तर से थोड़ा सुधर कर 257.20 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,888.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान केवल बैंकिंग सेक्टर के चुनिंदा शेयरों में ही कुछ हलचल देखी गई, जिसकी वजह से निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.46 प्रतिशत की जबरदस्त मजबूती हासिल करने में सफल रहा। इसके विपरीत, प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर में आज लगातार मुनाफावसूली का रुख बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ सबसे ज्यादा टूटने वाला सेक्टर बना।

इसी तरह निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.28 प्रतिशत, एफएमसीजी इंडेक्स 1.44 प्रतिशत और फार्मा इंडेक्स 0.65 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो वहां भी बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके चलते निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में मचे कोहराम के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.64 लाख करोड़ रुपये की भारी कमी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घटकर 467.82 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर आ गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनता मार्केट कैपिटलाइजेशन 473.46 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इस तरह निवेशकों की कुल जमा पूंजी में से आज 5.64 लाख करोड़ रुपये का बड़ा हिस्सा स्वाहा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,259 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 733 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,526 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 8 शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जेएसडब्ल्यू स्टील 2.06 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.35 प्रतिशत, एसबीआई 1.15 प्रतिशत, एलएंडटी 0.96 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 0.89 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल होने में सफल रहे। दूसरी ओर, भारी बिकवाली के झटके के कारण एक्सिस बैंक 4.19 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 3.09 प्रतिशत, इंफोसिस 2.63 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.52 प्रतिशत और अपोलो हॉस्पिटल्स 2.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में आ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story