सप्ताह के पहले दिन गिरा शेयर बाजार, निवेशकों को 9.71 लाख करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताह के पहले दिन गिरा शेयर बाजार, निवेशकों को 9.71 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जंग के लंबा खिंचने की आशंका और कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज सप्ताह के पहले दिन ही बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भी शेयर बाजार बड़ी गिरावट का शिकार हुआ था। इन दोनों दिन सेंसेक्स 1,635 अंक से अधिक टूट कर बंद हुआ, वहीं निफ्टी भी दोनों दिन 485 अंक से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ।

आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पहले बीस मिनट के कारोबार में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन उसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.22 प्रतिशत और निफ्टी 2.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का बैंक इंडेक्स 3.82 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और टेक इंडेक्स भी दो प्रतिशत से अधिक की कमजोरी के साथ बंद हुए। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, मेटल, हेल्थ केयर, एफएमसीजी और आईटी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.68 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने दस लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 412.44 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 422.15 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 9.71 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,593 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 876 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,563 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 154 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,064 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 429 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,635 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से दो शेयर बढ़त के साथ और 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से चार शेयर हरे निशान में और 46 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,018 अंक की कमजोरी के साथ 72,565.22 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण पहले दो मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 175 अंक फिसल कर 72,391.98 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से पहले 20 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 600 अंक से अधिक की रिकवरी कर 73,165.32 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में दोबारा बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स गिरता चला गया। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की कमजोरी लगातार बढ़ती गई।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक 1,809.09 अंक टूट कर 71,774.13 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 173.42 अंक की रिकवरी कर 1,635.67 अंक की गिरावट के साथ 71,947.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 269.95 अंक टूट कर 22,549.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते बिकवाली का दबाव बनने के कारण पहले दो मिनट में ही यह सूचकांक करीब 350 अंक लुढ़क कर 22,470.15 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे पहले 20 मिनट के कारोबार में ही निफ्टी ओपनिंग लेवल से 164.45 अंक की रिकवरी कर 22,714.10 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के आधा घंटा पहले निफ्टी 535.75 अंक फिसल कर 22,283.85 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 488.20 अंक की गिरावट के साथ 22,331.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.05 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.65 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.21 प्रतिशत, ओएनजीसी 0.96 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस 5.01 प्रतिशत, एसबीआई 3.93 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियशन 3.51 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 3.71 प्रतिशत और एक्सिस बैंक 3.64 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story