शेयर बाजार में कल विजयादशमी की छुट्टी, कमोडिटी एक्सचेंज भी पहले सत्र में रहेगा बंद

WhatsApp Channel Join Now
शेयर बाजार में कल विजयादशमी की छुट्टी, कमोडिटी एक्सचेंज भी पहले सत्र में रहेगा बंद


- दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। विजयादशमी के मौके पर घरेलू शेयर बाजार में कल छुट्टी रहेगी। विजयादशमी की छुट्टी होने की वजह से कल शेयर बाजार में कोई कारोबार नहीं होगा। इस छुट्टी के कारण इस सप्ताह सिर्फ चार दिन ही शेयर बाजार में ट्रेडिंग होगी। इसके पहले इस महीने दो अक्टूबर को भी गांधी जयंती के मौके पर बीएसई और एनएसई में पूरी तरह से छुट्टी थी। इसके साथ ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी सुबह और शाम दोनों सत्रों में पूरी छुट्टी रही थी। कल की छुट्टी के बाद बुधवार से शेयर बाजार में सामान्य कारोबार की शुरुआत हो जाएगी।

बीएसई और एनएसई की तरह ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में भी कल विजया दशमी के मौके पर छुट्टी रहेगी। हालांकि एमसीएक्स में ये छुट्टी सिर्फ सुबह के सत्र में रहेगी। शाम के कारोबारी सत्र के लिए इसे शाम पांच बजे खोला जाएगा। इसी तरह नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) में भी कल पूरे दिन का अवकाश रहेगा।

स्टॉक एक्सचेंज द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार विजयादशमी की छुट्टी होने के कारण बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर), कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी दिन के दोनों सत्रों में कारोबार नहीं होगा।

इसी तरह एनएसई में भी विजयादशमी की छुट्टी होने के कारण इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी।

स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार अक्टूबर के महीने में दो अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी थी, जबकि कल विजयादशमी की छुट्टी रहने वाली है। इसके बाद 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।

इस साल दिवाली आठ नवंबर को रविवार के दिन मनाई जाएगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इस दिन को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story