शेयर बाजार में आज दिवाली-बलिप्रतिपदा की छुट्टी, एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा नियमित कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
शेयर बाजार में आज दिवाली-बलिप्रतिपदा की छुट्टी, एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा नियमित कारोबार


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिवाली-बलिप्रतिपदा के त्यौहार के मौके पर आज घरेलू शेयर बाजार में छुट्टी है। आज की छुट्टी के कारण देश के दोनों प्रमुख शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में कोई कामकाज नहीं हो रहा है। बीएसई और एनएसई द्वारा जारी आधिकारिक छुट्टियों की सूची के अनुसार, आज पूरे दिन नियमित ट्रेडिंग सत्र पूरी तरह से बंद रहेंगे। मतलब पूरे दिन शेयर बाजार में कोई काम-काज नहीं होगा।

आपको बता दें कि शेयर बाजार में सामान्य रूप से हर सप्ताह शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है, लेकिन कुछ विशेष सार्वजनिक त्यौहारों और राष्ट्रीय पर्व के मौके पर भी बाजार में छुट्टी रखी जाती है। इसी क्रम में आज त्यौहार की रौनक के बीच दोनों एक्सचेंजों के इक्विटी और डेरिवेटिव्स सहित सभी प्रमुख वित्तीय सेगमेंट में कारोबार पूरी तरह थमा हुआ है। हालांकि कमोडिटी सेगमेंट में शाम के सत्र का कारोबार सामान्य दिनों की तरह ही होगा।

आज के इस विशेष अवकाश के दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, ब्याज दर डेरिवेटिव्स, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स और न्यू डेट सेगमेंट सहित सभी प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेडिंग नहीं की जा रही है। इसी तरह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में भी इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और ट्राई पार्टी रेपो के लिए पूरी तरह से हॉलिडे है।

हालांकि, आज की इस छुट्टी के बावजूद कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर) सेगमेंट के निवेशकों के लिए एक विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके तहत मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) और बीएसई के कमोडिटी प्लेटफॉर्म पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक का मॉर्निंग सेशन तो बंद रहेगा, लेकिन शाम 5 बजे से लेकर देर रात 11:30 या 11:55 बजे तक का ईवनिंग सेशन नियमित रूप से खुला रहेगा।

त्यौहारों के इस महीने में नवंबर के दौरान साप्ताहिक छुट्टियों को मिलाकर शेयर बाजार में कुल 11 दिन कामकाज नहीं होगा। इस सप्ताह की छुट्टी बीतने के बाद, शनिवार और रविवार के अलावा नवंबर महीने में शेयर बाजार की अगली आधिकारिक छुट्टी 24 नवंबर को होगी, जब गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्ब के पावन अवसर पर देश के दोनों मुख्य स्टॉक एक्सचेंज बंद रहेंगे। इसके बाद अगले महीने यानी दिसंबर में केवल 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर बीएसई और एनएसई में सालाना अवकाश रहेगा।

इससे पहले सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 9 नवंबर को घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती उथल-पुथल के बाद मामूली बढ़त के साथ क्लोजिंग देखने को मिली थी। सोमवार के कारोबारी सत्र की समाप्ति पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 107.25 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की हल्की मजबूती दर्ज करते हुए 81,106.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी 58.25 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त हासिल कर 25,044.65 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा था। इसके अलावा ब्रॉडर मार्केट में भी कल मामूली तेजी का रुख देखा गया था, जहां बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.34 प्रतिशत की बढ़त पर और स्मॉलकैप सूचकांक 0.07 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ बंद हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774685 Articles

Share this story