शुरुआती गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार की शानदार रिकवरी, सेंसेक्स निचले स्तर से 1,092 अंक उछला

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार की शानदार रिकवरी, सेंसेक्स निचले स्तर से 1,092 अंक उछला


- बाजार की मजबूती से निवेशकों को 3.67 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। लगातार चार कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार आज शानदार बढ़त के साथ बंद हुआ। निचले स्तर पर हुई वैल्यू बाइंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी के चौतरफा सपोर्ट के कारण शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट से उबर कर मजबूती हासिल करने में सफल रहा। कमजोर वैश्विक संकेतों की वजह से आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ लाल निशान में हुई थी। लेकिन निचले स्तर पर एक्टिव हुए खरीदारों ने लिवाली का ऐसा जोर बनाया कि बाजार शुरुआती झटके से पूरी तरह उबर कर हरे निशान में पहुंच गया।

दिन के दूसरे सत्र में बाजार में लगातार तेजी का माहौल बना रहा, जिसके कारण दिनभर की खरीद-बिक्री के बाद सेंसेक्स 0.66 प्रतिशत और निफ्टी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। बाजार में आई इस जोरदार रिकवरी के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में आज 3.67 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा दर्ज किया गया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 133.79 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,990.04 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक 609.26 अंक यानी 0.83 प्रतिशत गिर कर 72,514.57 अंक के निचले स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने निचले स्तर पर मोर्चा संभालते हुए चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।

संस्थागत निवेशकों और रिटेल इन्वेस्टर्स की ओर से लगातार हो रही खरीदारी के मजबूत सपोर्ट से सेंसेक्स पहले घंटे के कारोबार में रिकवर होकर हरे निशान में पहुंच गया था। इसके बाद दिन में ज्यादातर समय खरीदारी का ही जोर बना रहा। हालांकि, मंदड़ियों ने बीच में यदा-कदा बिकवाली का दबाव बनाने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। कारोबार के अंतिम समय में हुई जोरदार खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर से लगभग 1,092.18 अंक की शानदार छलांग लगाकर 482.92 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,606.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 75.60 अंक यानी 0.33 प्रतिशत टूट कर 22,524.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 212.65 अंक यानी 0.94 प्रतिशत लुढ़क कर 22,387.35 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। इसके बाद शॉर्ट कवरिंग और वैल्यू बाइंग के दम पर खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में लगातार सुधार होने लगा।

खरीदारी के इस तगड़े सपोर्ट से पहले घंटे के कारोबार में ही निफ्टी 22,600 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करने में सफल रहा। इसके बाद भी बाजार में खरीदारी जारी रही, जिसके कारण दोपहर दो बजे के करीब ये सूचकांक 22,700 अंक के दूसरे मनोवैज्ञानिक स्तर को भी पार कर गया। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 365 अंक से अधिक की शानदार उछाल के साथ 153.20 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी दर्ज करते हुए 22,753.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान निफ्टी के मीडिया इंडेक्स को छोड़ कर बाकी सारे सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। आज मेटल और फार्मा सेक्टर में सबसे अधिक खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का मेटल इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह खरीदारी के मजबूत सपोर्ट में निफ्टी का फार्मा इंडेक्स 1.76 प्रतिशत मजबूत हुआ, वहीं शुरुआती मंदी से उबरते हुए निफ्टी का आईटी इंडेक्स आज 0.87 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी का बैंक इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा।

इसके अलावा ऑटो, एफएमसीजी और पीएसयू बैंक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज तगड़ी वापसी दिखी। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 1.19 प्रतिशत चढ़ गया। इसी तरह निफ्टी के स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी 1.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई इस जोरदार तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का इजाफा हो गया। बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़कर 4,56,08,646.53 करोड़ रुपये (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 23 अक्टूबर को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,52,40,829.30 करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबारी सत्र से करीब 3,67,817.23 करोड़ रुपये का बड़ा मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,676 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,420 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,005 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 251 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,274 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,867 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,407 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ, 5 शेयर शेयर गिरावट के साथ और दो शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में, 13 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

आज दिन भर के शानदार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉ रेड्डीज लैब्स 6.62 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 6.28 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 3.97 प्रतिशत, जोमैटो की एटर्नल 2.57 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 2.45 प्रतिशत की भारी मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बिकवाली के दबाव के चलते श्रीराम फाइनेंस 4.62 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.84 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.10 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 0.91 प्रतिशत और नेस्ले 0.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में सिमट कर बंद हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story