लगातार 5 दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी तेजी, निवेशकों ने कमाए 5.20 लाख करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान द्वारा एक दूसरे के ठिकानों पर की जा रही बमबारी थमी तो इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ-साफ नजर आया। पश्चिम एशिया में युद्ध थमते ही घरेलू शेयर बाजार लगातार पांच कारोबारी दिन से जारी गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लगाते हुए जोरदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा।
आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद दोपहर 11 बजे तक मामूली उतार चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.02 प्रतिशत और निफ्टी 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 549.21 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,608.98 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद सुबह 10:30 बजे तक लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान होती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। सुबह 11 बजे के थोड़ी देर पहले खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल ने रफ्तार पकड़ ली।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 841.74 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की उछाल के साथ 76,901.51 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि आखिरी वक्त में हुई मामूली मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से थोड़ा फिसल कर 776.01 अंक की तेजी के साथ 76,835.78 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 160.95 अंक यानी 0.68 प्रतिशत उछल कर 23,928.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले दो घंटे के कारोबार में इस सूचकांक की चाल में मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में निफ्टी फिसल कर 23,891.55 अंक तक गया, लेकिन सुबह 10:30 बजे के बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी।
लिवाली के सपोर्ट से इस सूचकांक की गति और तेज हो गई। लगातार हो रही खरीदारी के कारण दोपहर 2:30 बजे के करीब यह सूचकांक 244.15 अंक यानी 1.03 प्रतिशत उछल कर 24,011.60 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से थोड़ा लुढ़क कर 228.50 अंक की बढ़त के साथ 23,995.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करते रहे। मीडिया सेक्टर के शेयर आज के टॉप परफॉर्मर रहे। निफ्टी का मीडिया इंडेक्स 2.50 प्रतिशत तक उछल गया। इसी तरह आईटी, रियल्टी, ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में भी आज पूरे दिन जम कर खरीदारी होती रही।
इसके अलावा एफएमसीजी, बैंकिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, मेटल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। तमाम सेक्टर्स के बीच सिर्फ ऑयल एंड गैस सेक्टर आज बिकवाली के दबाव में कारोबार करता रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 480.82 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 475.62 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.20 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,558 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,779 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,579 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 200 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,015 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,058 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 957 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर बढ़त के साथ और दो शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 शेयर हरे निशान में और छह शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 5.66 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एवियेशन 4.91 प्रतिशत, इंफोसिस 3.68 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 3.51 प्रतिशत और श्रीराम फाइनेंस 3.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी 4.10 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.44 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 0.40 प्रतिशत, सिप्ला 0.09 प्रतिशत और डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

