बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, पीएसयू बैंक के शेयरों की जमकर खरीदारी

WhatsApp Channel Join Now
बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, पीएसयू बैंक के शेयरों की जमकर खरीदारी


- बाजार की मजबूती के बावजूद निवेशकों को लगी 58 हजार करोड़ की चपत

नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। आज दिनभर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों ने एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू कर दी, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल लगातार ऊपर-नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.48 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 201.43 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,782.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स गिर कर 78,633.73 अंक के स्तर तक आ गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। कारोबार के आखिरी वक्त में तेज खरीदारी होने के कारण सेंसेक्स 373.76 अंक की मजबूती के साथ 78,954.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 16.35 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 24,641 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद लगातार खरीद-बिक्री शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 52.40 अंक यानी 0.21 प्रतिशत उछल कर 24,677.05 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 20.50 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,604.15 अंक के स्तर तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 11.35 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,636 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान पीएसयू बैंक के शेयरों में जमकर खरीदारी होती रही। निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.01 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह आईटी इंडेक्स 0.95 प्रतिशत और मेटल इंडेक्स 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा एफएमसीजी और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के बावजूद मिडकैप शेयरों में हुई बिकवाली के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 50 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 493.45 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 494.03 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 58 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,493 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,114 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,160 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 219 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। वहीं, एनएसई में आज 3,015 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,504 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 1,511 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ, 16 शेयर गिरावट के साथ और तीन शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान, 34 शेयर लाल निशान और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.52 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.84 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.36 प्रतिशत, एटरनल 1.90 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 1.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 3.90 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.91 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.66 प्रतिशत, टीसीएस 1.66 प्रतिशत और बजाज ऑटो 1.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story