पूरे दिन उतार-चढ़ाव के बाद सपाट स्तर पर बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 97 हजार करोड़ की चपत
नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर मामूली तेजी के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। दिन के पहले सत्र में खरीदार बार-बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन दूसरे सत्र में ज्यादातर समय बिकवाल हावी रहे। बिकवाली के दबाव के कारण पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.004 प्रतिशत और निफ्टी 0.08 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 163.35 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,701.07 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से 255.21 अंक लुढ़क कर 91.86 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,445.86 अंक तक आ गया।
इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक निचले स्तर से 279.81 अंक उछल कर 187.95 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,725.67 अंक के स्तर तक पहुंच गया। दिन के दूसरे सत्र में बाजार में लगातार बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से यह सूचकांक ऊपरी स्तर से लगभग 185 अंक फिसल कर 3.11 अंक यानी 0.004 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 77,540.83 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 52.20 अंक यानी 0.22 प्रतिशत उछल कर 24,284.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही ओपनिंग लेवल से 77.25 अंक लुढ़क कर 25.05 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,206.80 अंक के स्तर तक गिर गया।
इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे निफ्टी रिकवर कर हरे निशान में 24,264.55 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक ज्यादा देर तक इस स्तर पर टिक नहीं सका। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 20.15 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 24,252 अंक के स्तर पर बंद हुआ
आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, आईटी और मीडिया सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही। इसके साथ ही एफएमसीजी, ऑयल ऐंड गैस और फार्मास्यूटिकल इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार खरीदारी होती रही। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग एक लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 491.75 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 492.72 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 97 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,058 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,580 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,478 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में, 24 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।
आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 2.87 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.36 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 1.37 प्रतिशत, नेस्ले 1.31 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, मारुति सुजुकी 1.77 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 1.55 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.21 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियेशन 1.06 प्रतिशत और ओएनजीसी 0.88 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

