पूरे दिन उतार-चढ़ाव के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

WhatsApp Channel Join Now
पूरे दिन उतार-चढ़ाव के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले


- बाजार की मजबूती के बावजूद निवेशकों को 1.64 लाख करोड़ की चपत

नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में हुई गिरावट और घरेलू मोर्चे पर ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आई जोरदार तेजी की वजह से भारतीय शेयर बाजार आज सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी के दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत सपाट स्तर पर मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पूरे दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। इस उतार-चढ़ाव के कारण सेंसेक्स इंट्रा-डे में 565 अंक से अधिक उछल गया, वहीं निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में 155 अंक से अधिक की छलांग लगाई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.35 प्रतिशत और निफ्टी 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 15.74 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,638.86 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 352.49 अंक यानी 0.45 प्रतिशत उछल कर 78,007.09 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर इसने लाल निशान में 213.69 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,440.91 अंक तक गोता भी लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 273.55 अंक की बढ़त के साथ 77,928.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 0.65 अंक की सांकेतिक गिरावट के साथ 24,249.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदार और बिकवाल एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश में लग गए, जिससे इस सूचकांक की चाल ऊपर-नीचे होने लगी। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 92.75 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,342.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। दूसरी ओर, बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 63.10 अंक यानी 0.26 प्रतिशत फिसल कर लाल निशान में 24,187.10 अंक तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 66.95 अंक की मजबूती के साथ 24,317.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, रियल्टी सेक्टर के शेयरों में आज जबरदस्त बिकवाली का दबाव बना रहा।

इस बिकवाली की वजह से रियल्टी इंडेक्स 2.01 प्रतिशत तक लुढ़क गया। इसके अलावा बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी और हेल्थकेयर इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.56 प्रतिशत टूट कर आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में लगातार हुई बिकवाली के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 1.60 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 483.13 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 484.77 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.64 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,407 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,705 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,504 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 198 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,980 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,116 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,864 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ और 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.92 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.74 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.72 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 1.72 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 1.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अदानी पोर्ट्स 3.23 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.03 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.68 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.26 प्रतिशत और जियो फाइनेंशियल 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story