देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707 अरब डॉलर पर

WhatsApp Channel Join Now
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707 अरब डॉलर पर


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 7वें हफ्ते इजाफा दर्ज हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707 अरब डॉलर पर पहुंच गया। यह इस साल 13 मार्च के बाद विदेशी मुद्रा भंडार को उच्चतम स्तर है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि सात अगस्त को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर उछलकर 707 अरब डॉलर रहा। इससे पिछले हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 10.512 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 692.87 अरब डॉलर रहा था। इसके साथ ही देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 अप्रैल के बाद पहली बार 700 अरब डॉलर के पार पहुंंचा है।

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक 7 अगस्त को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे अहम घटक माने जाने वाले विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां भी 9.95 अरब डॉलर बढ़कर 574.62 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 3.99 अरब डॉलर बढ़कर 108.74 अरब डॉलर हो गया। इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 7.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.74 अरब डॉलर पर पहुंच गए। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार भी 11.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर हो गया है।

इस साल 27 फरवरी को समाप्त हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के अबतक के रिकॉर्ड सबसे ऊंचतम स्तर पर पहुंच गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story