तीन दिन की तेजी के बाद ध्वस्त हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 11.62 लाख करोड़ की चपत
- इंट्रा डे में सेंसेक्स 2,753 अंक और निफ्टी 847 अंक टूटे
नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीन दिन से जारी तेजी पर गुरुवार को ब्रेक लग गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में उछाल आने, कमजोर ग्लोबल संकेत और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के कारण शेयर बाजार आज भारी गिरावट का शिकार हो गया। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 2,750 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी भी लगभग 850 अंक की गिरावट का शिकार हुआ। हालांकि अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 3.26 प्रतिशत की गिरावट का शिकार होकर बंद हुए। निफ्टी में आज आई कमजोरी पिछले 21 महीने की सबसे बड़ी गिरावट के रूप में दर्ज हो गई। इसके पहले जून 2024 में निफ्टी इतनी जबरदस्त गिरावट का शिकार हुआ था।
शेयर बाजार में आज के कारोबार की शुरुआत भी जबरदस्त कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। इस बिकवाली के कारण ये दोनों सूचकांक लगातार गिरते चले गए। आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स 3.42 प्रतिशत और निफ्टी 3.39 प्रतिशत तक टूट गए थे। शेयर बाजार में आज चौतरफा बिकवाली होती रही। खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश जरूर की लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारी की कोई भी कोशिश बाजार को सहारा देने में सफल नहीं हो सकी।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते रहे। ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज जम कर बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण ऑटोमोबाइल इंडेक्स 4.25 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह बैंकिंग इंडेक्स 3.39 प्रतिशत, कंज्यूमर ड्यूरेबल 3.38 प्रतिशत, आईटी इंडेक्स 3.31 प्रतिशत और मेटल इंडेक्स 3.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। इसके अलावा कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 3.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े ग्यारह लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 427.38 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 439 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 11.62 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,404 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,070 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,174 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 160 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,963 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 379 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,584 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर बिकवाली के दबाव में आज लगातार लाल निशान में कारोबार करते रहे। इसी तरह निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर हरे निशान में बंद हुआ, जबकि 49 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 1,953.21 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 74,750.92 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक ने ओपनिंग लेवल से करीब 600 अंक की रिकवरी कर 75,354.18 के स्तर तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक 2,753.18 अंक टूट कर 73,950.95 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि आखिरी समय में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 253.29 अंक की रिकवरी कर 2,496.89 अंक की कमजोरी के साथ 74,207.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 580.05 अंक लुढ़क कर 23,197.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद खरीदारी का सहारा मिलने से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 180 अंक की रिकवरी कर 23,378.70 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण निफ्टी की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की लेकिन बिकवाली के जबरदस्त दबाव के कारण खरीदारों की कोई कोशिश सफल नहीं हो सकी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक 847.45 अंक फिसल कर 22,930.35 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से हुई खरीदारी की वजह से निफ्टी निचले स्तर से 71.80 अंक सुधर कर 775.65 अंक की गिरावट के साथ 23,002.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इकलौता ओएनजीसी का शेयर 1.55 प्रतिशत की मजबूती हासिल करने में सफल रहा। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस 7.03 प्रतिशत, एटरनल 5.69 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 5.44 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 5.32 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

