ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

महंगाई के मोर्चे पर राहत मिलने के संकेत के कारण अमेरिकी बाजार में कल इन्वेस्टर सेंटीमेंट पॉजिटिव बना रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 150.91 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ 52,659.18 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,572.40 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 159.74 अंक यानी 0.61 प्रतिशत उछल कर 26,266.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर आज फिलहाल 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,697.98 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,515.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 147.50 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,999.53 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स पूरे सत्र में दबाव में कारोबार करने के बाद आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के सपोर्ट से 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,382.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशिया में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। निक्केई इंडेक्स आज फिलहाल 1,556.51 अंक यानी 2.26 प्रतिशत की जबरदस्त कमजोरी के साथ 67,195 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.82 प्रतिशत टूट कर 3,923.20 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज बिकवाली का चौतरफा दबाव बना हुआ है, जिसकी वजह से यह सूचकांक फिलहाल 418.27 अंक यानी 5.74 प्रतिशत लुढ़क कर 6,866.14 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.53 प्रतिशत फिसल कर 5,530.48 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 103 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,145 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स भी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,637.17 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। हैंग सेंग इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 473.90 अंक यानी 1.88 प्रतिशत उछल कर 25,155 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,070.92 अंक के स्तर पर और ताईवान वेटेड इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की उछाल के साथ 45,679.12 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story