ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ। जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार लिवाली होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान निवेशकों के बीच मिश्रित रुख बना रहा, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 195.60 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 51,850.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.06 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 7,807.24 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 120.27 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूट कर 27,245.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 150.02 अंक यानी 0.29 प्रतिशत उछल कर 52,000.57 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 104.23 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की छलांग लगा कर 10,656.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,832.88 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 190.41 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,277.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं हो रही है।
एशियाई बाजार में आज गिफ्ट निफ्टी ने जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 245 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,615.50 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसके अलावा एशियाई बाजारों में सिर्फ स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 0.30 प्रतिशत उछल कर 5,436.19 अंक के स्तर पर आ गया है।
दूसरी ओर, हैंग सेंग इंडेक्स 106.20 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,165 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.41 प्रतिशत फिसल कर 5,911.88 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जोरदार गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 402.79 अंक यानी 6.31 प्रतिशत टूट कर 5,981.45 अंक के स्तर तक गिर गया है।
निक्केई इंडेक्स में भी आज जबरदस्त कमजोरी का रुख बना हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 1,464.92 अंक यानी 2.12 प्रतिशत लुढ़क कर 67,566 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 891.83 अंक यानी 1.81 प्रतिशत फिसल कर 48,410.13 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,787.16 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

