ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में शांति वार्ता के एक बार फिर पटरी पर लौटने की खबर से दुनिया भर के बाजार का मूड सुधरता हुआ नजर आ रहा है। अमेरिका और इजरायल तथा ईरान के बीच जारी जंग के थमने की उम्मीद की वजह से बाजार में उत्साह का माहौल बना हुआ है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार आज चौतरफा मजबूती के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।

पश्चिम एशिया में जारी जंग के शांतिपूर्ण समाधान के लिए चल रही कोशिश के कारण अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 275.88 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 48,185.80 अंक तक पहुंच गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,824.66 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 186.66 अंक यानी 0.82 प्रतिशत उछल कर 22,821.66 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 48,200.25 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार के विपरीत यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,603.48 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,245.80 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 273.64 अंक यानी 1.15 प्रतिशत फिसल कर 23,806.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद की वजह से एशियाई बाजार में भी आज जोश नजर आ रहा है। एशिया के सभी नौ बाजार के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 105.50 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,989.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,982.82 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 148.42 अंक यानी 2.03 प्रतिशत उछल कर 7,456.01 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 101.40 अंक यानी 1.75 प्रतिशत की उछाल के साथ 5,879.41 अंक के स्तर पर आ गया है। टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज और ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में भी आज जबरदस्त मजबूती नजर आ रही है।

आज की इस तेजी के कारण टोक्यो का निक्केई इंडेक्स 936.68 अंक यानी 1.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 56,832 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह ताइवान का ताइवान वेटेड इंडेक्स 418.06 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 35,279.22 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की छलांग लगा कर 1,502.08 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 211.60 अंक यानी 0.82 प्रतिशत उछल कर 25,964 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ 3,991.14 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story