कमजोर शुरुआत के बाद लिवाली के सपोर्ट से संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स निचले स्तर से 931 अंक उछला

WhatsApp Channel Join Now
कमजोर शुरुआत के बाद लिवाली के सपोर्ट से संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स निचले स्तर से 931 अंक उछला


- फ्लैट क्लोजिंग के बावजूद निवेशकों ने कमाए 1.10 लाख करोड़ रुपये

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ग्लोबल मार्केट में मचे हाहाकार का असर आज घरेलू शेयर बाजार में भी शुरुआती कारोबार के दौरान साफ-साफ नजर आया। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही वैश्विक दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही निचले स्तर से वैल्यू बाइंग शुरू हो जाने, आईटी स्टॉक्स में जमकर खरीदारी होने और विदेशी निवेशकों की लिवाली के कारण शेयर बाजार ने रिकवरी शुरू कर दी। निचले स्तर से हुई वैल्यू बाइंग के कारण सेंसेक्स इंट्रा-डे में नौ सौ अंक से अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी निचले स्तर से 250 अंक से अधिक की छलांग लगाई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ सपाट स्तर पर बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इस खरीदारी के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही। बिकवाली के दबाव के कारण निफ्टी का एफएमसीजी इंडेक्स 0.82 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर, मेटल, रियल्टी, इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.03 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया। आज शेयर बाजार में आईटी सेक्टर में हुई जोरदार खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 482.40 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 481.30 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,592 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,335 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,068 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 189 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,995 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,535 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,460 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 20 शेयर हरे निशान में और 30 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 606.04 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,963.35 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद वैश्विक दबाव में यह सूचकांक 711.96 अंक की गिरावट के साथ 76,857.43 अंक तक फिसल गया। इसके बाद निचले स्तर से जोरदार खरीदारी शुरू हो गई। खासकर, विदेशी निवेशकों ने आईटी सेक्टर के शेयरों को हाथों-हाथ लिया इस खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स की चाल में भी तेजी आ गई।

लगातार हो रही लिवाली के कारण शाम तीन बजे से थोड़ा पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 931.86 अंक उछल कर 219.90 अंक की मजबूती के साथ 77,789.29 अंक के स्तर तक पहुंच गया अंत में मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली की वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 172.89 अंक लुढ़क कर 47.01 अंक की मामूली तेजी के साथ 77,616.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 167.50 अंक यानी 0.69 प्रतिशत टूट कर 24,039.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से पहले 20 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक 206.70 अंक की कमजोरी के साथ 24,000.20 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की स्थिति में निचले स्तर से सुधार होना शुरू हो गया।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के आधा घंटा पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 259.60 अंक की छलांग लगा कर 52.90 अंक की तेजी के साथ 24,259.80 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 48.80 अंक फिसल कर 4.10 अंक की सांकेतिक मजबूती के साथ 24,211 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीसीएस 5.44 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 4.91 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.42 प्रतिशत, इंफोसिस 3.24 प्रतिशत और बजाज ऑटो 2.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 2.16 प्रतिशत, टाटा स्टील 2.13 प्रतिशत, नेस्ले 1.94 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियशन 1.55 प्रतिशत और एटरनल 1.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story