एक बार फिर 700 अरब डॉलर के पार पहुंचा देश का विदेशी मुद्रा भंडार
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण डांवाडोल हो रही वैश्विक अर्थव्यवस्था के माहौल में भारत के लिए आर्थिक मोर्चे से एक अच्छी खबर है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार एक बार फिर 700 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गया है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह में 3.825 अरब डॉलर बढ़ कर 700.946 के स्तर पर पहुंच गया। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में हुई यह वृद्धि लगातार दूसरे सप्ताह दर्ज की गई है। इससे पहले तीन अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 9.063 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 697.121 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया था।
भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से उपलब्ध कराई की जानकारी के अनुसार विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (एफसीए) का है, जो इस सप्ताह 3.127 अरब डॉलर बढ़कर 555.983 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और येन जैसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राएं भी शामिल हैं।
इसी तरह इस सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखे विशेष आहरण अधिकार (स्पेशल ड्राइंग राइट) में भी 5.60 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद ये बढ़ कर 18.763 अरब डॉलर हो गया है। देश के स्वर्ण भंडार की बात करें तो 10 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह के बाद देश के स्वर्ण भंडार में 60.10 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह इस सप्ताह देश के स्वर्ण भंडार की कीमत 121.343 अरब डॉलर हो गई है।
10 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में 700 अरब डॉलर के स्तर को पार करने के पहले इस साल 27 फरवरी को खत्म हुए सप्ताह में देश क विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंचा था। हालांकि, मार्च के महीने में जियो पॉलिटिकल टेंशन और कच्चे तेल की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव होने के कारण इसमें कुछ गिरावट भी आई थी, लेकिन अब एक बार फिर देश का विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

