एक दिन में डूब गए 11 लाख करोड़ रुपये, बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार
- पूरे दिन हर सेक्टर के शेयरों की जम कर होती रही बिकवाली
नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। माना जा रहा है कि शेयर बाजार की आज की गिरावट में रिजर्व बैंक के सख्त रुख जैसे घरेलू कारक के साथ ही कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कमजोर ग्लोबल संकेत जैसे वैश्विक कारकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज के कारोबार की सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए।
खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.44 प्रतिशत और निफ्टी 1.64 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार में आज आई गिरावट के कारण निवेशकों को आज लगभग 11.31 लाख करोड़ का चूना लग गया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 29.30 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 72,668 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक शुरुआती मिनट में ही 55.27 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 72,693.97 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स लुढ़कता चला गया।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण शाम तीन बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 1,366.22 अंक लुढ़क कर 1,310.95 अंक यानी 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,327.75 अंक के स्तर तक आ गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 265.49 अंक सुधर कर 1,045.46 अंक यानी 1.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 71,593.24 रंग के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज चार अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 22,599.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के वजह से यह सूचकांक लगातार गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से निफ्टी 423.15 अंक यानी 1.87 प्रतिशत फिसल कर 22,179.90 अंक के स्तर तक गिर गया।
हालांकि खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की लेकिन बिकवाली के दबाव में उनकी कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 51.90 अंक रिकवर कर 371.25 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,231.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। आज के कारोबार में मेटल, कैपिटल गुड्स, हेल्थ केयर, ऑयल एंड गैस और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की जम कर बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण बीएसई का मेटल इंडेक्स 3.34 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह बीएसई का कैपिटल गुड्स इंडेक्स 3.02 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया।
रियल्टी इंडेक्स में भी आज लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स आज 2.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। वहीं, निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 2.49 प्रतिशत गिर गया। जबकि बीएसई का हेल्थकेयर इंडेक्स 2.48 प्रतिशत लुढ़क कर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी के पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स ने 2.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
इसके अलावा आईटी, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी और मीडिया इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.53 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज की कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई जोरदार गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 11 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 461.04 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 472.35 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 11.31 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,654 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,003 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,426 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 225 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,304 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 491 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,813 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 3 शेयर बढ़त के साथ और 27 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 3 शेयर हरे निशान में और 47 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस 4.19 प्रतिशत, आईएफसीआई 3.75 प्रतिशत, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी 2.59 प्रतिशत, इंफोसिस 0.50 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइजेज 5.36 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 4.46 प्रतिशत, आईटीसी 4.03 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 3.81 प्रतिशत और इंटरग्लोब एवियेशन 3.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

